http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 05 जनवरी, 2008 को 02:05 GMT तक के समाचार

ब्रिटनी के बच्चों से मिलने पर रोक

मशहूर पॉप गायिका ब्रिटनी स्पीयर्स के अपने बच्चों से मिलने पर रोक लग गई है. अदालत ने दोनों बच्चों की ज़िम्मेदारी उनके पति को सौंप दी है.

अदालत के फ़ैसले से पहले ब्रिटनी ने बच्चों को पति के सुपुर्द करने से इनकार कर दिया था और विवाद बढ़ने के बाद पुलिस को बुलान पड़ा.

अदालत ने मामले की अगली सुनवाई की तिथि 14 जनवरी मुकर्रर की है.

कुछ समय पहले लॉस एंजलिस की एक अदालत ने ब्रिटनी स्पीयर्स से कहा था कि अगले आदेश तक दो साल के शॉन प्रेस्टन और एक वर्षीय जेडीन जेम्स को पूर्व पति केविन फ़ेडरलाइन के हवाले कर दिया जाए.

फ़ेडरलाइन के वकील मार्क कपलान ने पूरे घटनाक्रम पर दुख जताते हुए कहा, "मैं इन सबसे खुश नहीं हूँ. इसमें कोई जीतने नहीं जा रहा."

पुलिस का हस्तक्षेप

पुलिस ने ब्रिटनी के घर पहुँच कर मामला सुलझाने की कोशिश की.

ऐसी ख़बरें हैं कि लगभग तीन घंटे के बाद स्पीयर्स ने दोनों बच्चों को अपने पति के हवाले कर दिया.

अमरीकी टेलीविज़न ख़बरों में दिखाया गया कि ब्रिटनी स्पीयर्स को उनके घर के बाहर एक स्ट्रेचर पर लिटा कर एम्बुलेंस में ले जाना पडा.

पुलिस अधिकारियो को ब्रिटनी के घर स्थानीय समयानुसार रात 8 बजे बुलाया गया.

ब्रिटनी स्पीयर्स और केविन फ़ेडरलिन की अक्तूबर 2004 में शादी हुई थी जबकि जुलाई 2007 में दोनो के बीच तलाक़ हो गया था.