रविवार, 30 दिसंबर, 2007 को 08:25 GMT तक के समाचार
मुंबई में दसवें अंतर्राष्ट्रीय फ़िल्म समारोह के आयोजन की तैयारी ज़ोरों पर है.
तीन फ़रवरी से शुरू होने वाला यह उत्सव एक सप्ताह तक चलेगा. समारोह में 230 विदेशी और 570 देशी फ़िल्में दिखाई जाएंगी.
समारोह के आयोजक और फ़िल्म प्रभाग के निदेशक कुलदीप सिन्हा ने बताया कि समारोह में 37 देशों की अपने दौर में श्रेष्ठ रही फ़िल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा.
उनका कहना है, "समारोह में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता के लिए 43 फ़िल्मों को चुना गया है और 10 फ़िल्मों की ख़ास स्क्रीनिंग की जाएगी."
उन्होंने कहा कि इसी तरह से भारत की 54 फ़िल्मों की स्क्रीनिंग प्रतियोगिता के लिए की जाएगी. 13 फ़िल्मों का प्रदर्शन ख़ास तौर पर किया जाएगा जोकि प्रतियोगिता से बाहर होंगी.
इस समारोह का आयोजन महाराष्ट्र सरकार के सहयोग से फ़िल्म प्रभाग करता है.
सिन्हा ने कहा कि वर्ष 1990 से जब से इस उत्सव की शुरुआत मुंबई में की गई है तब से यह दुनिया में तीसरे सबसे बड़े समारोह में गिना जाता है जो इस शैली में सबसे अधिक पुरस्कार राशि देता है.
उन्होंने बताया अगले साल जुलाई-अगस्त में कोलकाता में डॉक्युमेंट्री, लघु, और एनिमेशन स्तर की फ़िल्मों का समारोह आयोजित किया जाएगा.