मंगलवार, 18 दिसंबर, 2007 को 23:12 GMT तक के समाचार
हॉलीवुड में अपने प्रशंसकों को सबसे बेहतरीन तरीके से ऑटोग्राफ़ देने वालों की सूची में अभिनेता जॉनी डेप को पहला नंबर मिला है.
ये सर्वेक्षण ऑटोग्राफ़ पत्रिका ने करवाया है.
जॉनी डेप लगातार तीसरी बार इस लिस्ट में अव्वल आए हैं.
ऑटोग्राफ़ डीलर एंथनी रिसी कहते हैं, "वे मृदु भाषी है, अपने प्रशंसकों के साथ बात करना पसंद करते हैं और ऑटोग्राफ़ देते समय उनके बारे में जानने की कोशिश करते हैं."
इस सूची में अभिनेता मैट डेमन दूसरे स्थान पर हैं. मैट डेमन के बाद नंबर है फ़िल्मकार और अभिनेता जॉर्ज क्लूनी का.
अभिनेता जैक निक्लसन, जॉन ट्रवोल्टा और टीवी कलाकार जे लेनो भी इसी सूची में आते हैं.
जबकि सबसे ख़राब तरीके से ऑटोग्राफ़ देने वाले हैं विल फ़ेरल.
पत्रिका के संपादक स्टीव साईरकिन कहते हैं, "विल फ़ेरल का नाम सबसे ख़राब तरीके से ऑटोग्राफ़ देने वालों में इसलिए आया क्योंकि पहले वे अपने प्रशंसकों से बहुत अच्छे से पेश आते थे."
वेल फ़ेरल की तरह ख़राब तरीके से ऑटोग्राफ़ देने वालों में है ब्रूस विलिस, रिनी जे़ल्वेगर और स्कार्लेट युआनसन.
पत्रिका के मुताबिक रसल क्रो भी पहले इस सूची में शामिल थे लेकिन अब वे अपने फ़ैन्स से अच्छी तरह पेश आते हैं.
पत्रिका ने ये सूची यूरोप, न्यूयॉर्क और कैलिफ़ोर्निया में पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर तैयार की है.