रविवार, 02 दिसंबर, 2007 को 01:57 GMT तक के समाचार
चीन की सुंदरी झांग जी लिन ने सौ से ज़्यादा प्रतियोगियों को पछाड़ कर मिस वर्ल्ड का ख़िताब जीत लिया है.
चीन के रिसॉर्ट शहर सान्या में आयोजित फ़ाइनल दौर में भारत की सारा जेन डियास बुरी तरह पिछड़ गईं और वो सेमीफ़ाइनल दौर में भी नहीं पहुँच सकीं.
झांग जी लिन किसी पूर्वी एशियाई देश की पहली सुंदरी हैं जिन्हें मिस वर्ल्ड का ख़िताब जीता है.
हालाँकि इस बार वो शुरू से ही प्रबल दावेदार मानी जा रही थीं. अंगोला की मिसेल रेस दूसरे और मैक्सिको की कैरलाइन गार्डिलो तीसरे स्थान पर रहीं.
दर्शकों और निर्णायकों को अपनी दिलकश मुस्कान से दीवाना बना देने वाली चीन की 23 वर्षीय जी लिन के नाम की घोषणा जब विश्व सुंदरी के रूप में की गई तो समूचे चीन में जश्न का माहौल छा गया.
बीजिंग में सचिव का काम करने वाली पाँच फुट नौ इंच लंबी जी लिन ने मिस इंडिया सारा जान डियास समेत 105 सुंदरियों को पटखनी देकर विश्व की सबसे ख़ूबसूरत महिला का ताज़ अपने नाम किया.
अंतिम पांच प्रतियोगियों में मिस त्रिनिदाद एंड टोबैगो और मिस स्वीडन भी पहुंची.
मिस इंडिया सारा जेन को ब्रिटेन और डोमिनिकन रिपब्लिकन की सुंदरियों के साथ फ़ाइनल दौर का प्रबल दावेदार माना जा रहा था.
मिस वर्ल्ड 2007 का आयोजन विश्व एड्स दिवस यानी एक दिसंबर को किया गया ताकि इस घातक बीमारी के बारे में जागरूकता बढ़ाने में मदद मिल सके.