शुक्रवार, 23 नवंबर, 2007 को 11:48 GMT तक के समाचार
हैरी पॉटर के प्रशंसकों को इस किशोर जादूगर की अगली फ़िल्म में एक छोटा सा किरदार निभाने का मौका जीतने का प्रस्ताव रखा गया है.
यह प्रतियोगिता एमएसएन ने आयोजित की है और इसका विजेता अगले साल रिलीज़ होने वाली ब्लॉकबस्टर फ़िल्म 'हैरी पॉटर एंड द हाफ़ ब्लड प्रिंस' में नज़र आएगा.
एमएसएन की वेबसाइट पर जेके रोलिंग की इस सबसे ज़्यादा बिकने वाली किताब के बारे में 20 दिसंबर से पहले हर सप्ताह कुछ सवाल डाले जाएंगे.
एमएसएन के माइक लोक कहते हैं, हम बहुत उत्साहित हैं कि हम हैरी पॉटर के किसी एक प्रशंसक को ऐसा अद्भुत तोहफ़ा देने में समर्थ हैं.
वे कहते हैं, "यह कहने की ज़रूरत नहीं है कि हमारी उम्मीद के अनुसार यह प्रतियोगिता बेहद प्रतिस्पर्धात्मक होगी.”
प्रतियोगिता सिर्फ़ इस वेबसाइट के इंग्लैंड स्थित प्रयोगकर्ताओं के लिए ही उपलब्ध है.
'हैरी पॉटर एंड द हाफ़ ब्लड प्रिंस' रोलिंग की अति लोकप्रिय श्रृंखला के छठे संस्करण पर आधारित है.
डेनियल रेडक्लिफ़ इस फ़िल्म में एक बार फिर अद्भुत स्कूली छात्र का किरदार निभाएंगे जबकि एम्मा वाटसन और रूपर्ट ग्रिंट हरमिओन और रॉन की भूमिका निभाएंगे.
यह फ़िल्म नवंबर, 2008 में रिलीज़ होने वाली है.