http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 22 नवंबर, 2007 को 19:44 GMT तक के समाचार

वेटिकन में वेतन की नई व्यवस्था

दुनिया के सबसे छोटे देश वेटिकन ने अपने यहां काम करने वाले कर्मचारियों का वेतन उनके अच्छे काम के आधार पर बढ़ाने का फ़ैसला किया है.

वेटिकन का कहना है कि वेतन बढ़ाने के लिए किसी भी कर्मचारी की अपनी काम के प्रति निष्ठा, प्रोफेशनल रवैया और सही तरीके से काम करने जैसी चीजों का ध्यान रखा जाएगा.

वेटिकन के अनुसार इस कदम से वेटिकन की वेतन प्रणाली में अच्छे काम के लिए अतिरिक्त पैसा देने की व्यवस्था हो सकेगी.

वेटिकन के विभिन्न कार्यालयों में पादरियों से लेकर सफाई कर्मचारी तक क़रीब चार हज़ार लोग काम करते हैं.

रिपोर्टों के अनुसार वेटिकन में आम तौर पर लोगों को 1100 यूरो से 2200 यूरो के बीच वेतन दिया जाता है जो बहुत कम है.

बीबीसी संवाददाता मैट डेविस के अनुसार नई व्यवस्था में वेटिकन को कई और बातों का ध्यान रखना पड़ सकता है क्योंकि अतिरिक्त वेतन या भत्ता कारपोरेट संस्कृति है जिससे वेटिकन अभी तक अछूता रहा है.

संवाददाताओं का कहना है कि वेटिकन के खर्च का एक बड़ा हिस्सा वेतन है और पिछले कुछ समय में डॉलर की क़ीमतों में कमी का दबाव वेटिकन पर भी पड़ रहा है.

वेतन की यह नई व्यवस्था जनवरी से लागू होगी.