रविवार, 18 नवंबर, 2007 को 11:20 GMT तक के समाचार
कोमल नाहटा
वरिष्ठ फ़िल्म पत्रकार, मुंबई से
मानो या न मानो मगर आमिर खान ने 20 करोड़ रूपए के ऑफर को ठुकरा दिया है.
एक फ़िल्म प्रोड्क्शन हाउस ने आमिर को अपनी फ़िल्म में काम करने के लिए 20 करोड़ रूपए ऑफर किए. लेकिन क्योंकि उनके पास कोई कहानी नहीं थी इसलिए आमिर ने उन्हें मना कर दिया.
कंपनी ने आमिर को एक चेक में साइनिंग पर ही सारी रकम देने की बात की लेकिन आमिर ने फिर भी मना कर दिया.
निर्माता ने जब बहुत दबाव डाला तो आमिर ने उन्हें कहा कि अगर उनके पास कोई अच्छी कहानी आती है तो वो खुद उस कहानी को उनके पास लेकर जायेंगे.
वो निर्माता तो आमिर के और भी बड़े फैन बन गए. आखिर कौन 20 करोड़ रूपये छोड़ सकता है?
*******************************************************************
ऐसा लगता है रणबीर और सोनम कपूर अपनी आलोचना बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं.
‘सांवरिया’ फ्लाप क्या हो गई दोनो कपूर टेलीविजन पर ऐसी ऐसी बातें कर रहे हैं कि देखने वाले समझ नहीं पा रहे कि वो दोनो मीडिया से इतने खफा क्यों हैं.
रणबीर ने एक टीवी इंटरव्यू में कहा कि समीक्षकों को फ़िल्म समीक्षा करना नहीं आता.
सोनम ने दूसरे टेलीविज़न इंटरव्यू में बताया कि उनके पिता यानी नायक अनिल कपूर ने उन्हें कहा था कि पत्रकारों की बात दिल को नहीं लगानी चाहिए और उनकी समीक्षा कभी नहीं पढ़नी चाहिए.
ऐसी बदतमीजी शायद ही किसी नए कलाकार ने इससे पहले की होगी. ताज्जुब की बात ये है कि दोनो के पिताश्री खुद कलाकार हैं.
क्या ऋषि कपूर ने रणबीर को और अनिल कपूर ने सोनम को ‘प्रेस बंधुओं’ से कैसे पेश आना है, ये नहीं सिखाया.
रणबीर अपनी माँ नीतू सिंह के बहुत करीब हैं. क्या नीतू सिंह ने भी उन्हें अपना मुँह कम खोलने की बात नहीं बताई?
छोटे बच्चे दिखाई देने चाहिए सुनाई नहीं. और अभी रणबीर और सोनम दोनो ही इस इंडस्ट्री में बच्चे ही कहलाएँगे.
******************************************************************
मनोज कुमार ने पहले तो फरहा और शाहरूख के खिलाफ अदालत में जाने की धमकी दी. वे 'ओम शांति ओम' में एक सीन से बेहद खफा थे.
फ़िल्म में मनोज कुमार का मज़ाक बनाया गया है. और तो और मनोज कुमार की अनुमति के बगैर उनके डुप्लीकेट को फ़िल्म में लिया गया है. इन दोनो बातों से नाराज़ होकर मनोज कुमार ने निर्देशक फरहा खान और निर्माता और नायक शाहरूख खान पर मानहानि का दावा करने का ऐलान किया.
जब शाहरूख और फरहा ने अपनी गलती मानते हुए मनोज कुमार से माफी मांगी तो सीनियर होने के नाते मनोज कुमार ने उन्हें जल्द माफ कर दिया. और तो और फरहा खान ने जब उनसे माफी मांगी तो मनोज कुमार ने उन्हें कहा कि बेटियाँ माफी नहीं मांगती हैं.
अगर मनोज जी का ये सोचना है कि बेटियाँ माफी नहीं मांगा करती तो उन्होंने मानहानि की बात ही क्यों की?
मानहानि के दावे में वो माफी ही तो मंगवा सकते थे.
*******************************************************************
ये साल हिमेश रेशमिया का ही है. जून में बतौर हीरो उनकी पहली फ़िल्म ‘आप का सुरूर’ रिलीज हुई और हिट हो गई. और अब उनका अफ्रीका में पहला शो इतना हिट हुआ कि वहाँ के लोगों ने इससे पहले ऐसा कोई शो देखा ही नहीं था.
नैरोबी में हिमेश ने 16 नवंबर को स्टेज शो किया जिसे देखने हजारों लोग आए थे. छोटे, बड़े, लड़के, लड़कियां, आदमी औरत सारे दीवाने हो गए जब हिमेश एक के बाद एक सुपर हिट गाने गाए.
शो दो घंटे का होने वाला था लेकिन जनता को इतना झूमते देखकर वो तीन घंटे से अधिक चला. अब अफ्रीका से हिमेश को कुछ ज्यादा ही दिलचस्पी हो गई है.
ये तो अच्छा है कि बतौर हीरो उनकी दूसरी फि़ल्म की शूटिंग भी अफ्रीका में ही होगी. सतीश कौशिक हिमेश के साथ सुभाष घई की कर्ज को दोबारा बनाना चाहते हैं.
इस फ़िल्म की शूटिंग जनवरी 2008 में शुरू होगी और ये 40-50 दिनों में अफ्रीका में शूट होगी.
*******************************************************************
माधुरी दीक्षित के बारे में ‘आजा नचले’ को लेकर जो बातें हो रही हैं वो सारी उनके भारत आते ही गलत साबित हो गई.
ऐसा कहा जा रहा है कि माधुरी फ़िल्म को लेकर यश चोपड़ा और आदित्य चोपड़ा से नाराज हैं क्योंकि उन्हें फ़िल्म का प्रोमोशन पसंद नहीं आया है वगैरा वगैरा.
बातें यहाँ तक पहुंच गई थी कि माधुरी फ़िल्म के प्रोमोशन के लिए भारत भी नहीं आयेंगी. लेकिन ये सब बातें कितनी झूठी हैं ये माधुरी के भारत में कदम रखते ही पता चल गया.
यूएसए की माधुरी की ये यात्रा सिर्फ आजा नचले के नाम है. अगले दस दिन माधुरी मीडिया को इंटरव्यू देंगी और अपनी कमबैक फ़िल्म की भरपूर पब्लिसिटी करेंगी
*******************************************************************
लारा दत्ता और सलमान खान के बीच ‘पार्टनर’ के बाद अच्छी दोस्ती हो गई है.
सुनते हैं सलमान अपनी नई दोस्त को मिलने काफी बार घर भी जाया करते थे.
पहले लोग सोचते थे कि सलमान अपने छोटे भाई सोहेल खान के घर जाते हैं क्योंकि लारा और सोहेल एक ही बिल्डिंग में रहते हैं. लेकिन धीरे धीरे बात बाहर हुई कि सलमान बड़े भाई की भूमिका कम और दोस्त की भूमिका ज्यादा निभा रहे थे.
अब सलमान की दोस्त कैटरीना कैफ को ये नई दोस्ती कैसी लगी. ये मालूम चल जाए तो मजा आ जाए.