मंगलवार, 13 नवंबर, 2007 को 11:45 GMT तक के समाचार
हॉलीवुड अभिनेता रिचर्ड गियर को प्रतिष्ठित मानवतावादी पुरस्कार से सम्मानित किया है.
एड्स और एचआईवी के प्रति जागरूकता पैदा करने और तिब्बत में मनावाधिकार के लिए संघर्ष करने के लिए यह सम्मान उन्हें दिया गया है.
सम्मान पाने के बाद रिचर्ड गियर ने कहा, "मैं किसी भी लिहाज से इस पुरस्कार के लायक नहीं हूँ. खैर.."
गियर तिब्बत को चीनी शासन से स्वतंत्रता दिलाने के लिए वर्ष 1978 से अभियान चलाए हुए हैं.
इसके अलावा इस हॉलीवुड स्टार ने एचआईवी-एड्स पीड़ितों के इलाज के लिए एक धर्मार्थ संगठन की स्थापना भी की है.
पिछले दिनों इसी संगठन के एक कार्यक्रम के दौरान शिल्पा शेट्टी को सार्वजनिक रूप से चूमने के बाद वे विवादों में घिर गए थे.
पुरस्कार
58 वर्षीय गियर को किमेल सेंटर फ़ॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स में सम्मानित किया गया और उन्हें बतौर पुरस्कार एक लाख डॉलर यानी करीब 40 लाख रूपए की राशि प्रदान की गई.
गियर तिब्बत हाउस के लिए भी सहायता राशि देते रहे हैं और वह तिब्बत के लिए चलाए जा रहे अंतरराष्ट्रीय अभियान के चेयरमैन हैं.
गियर ने अपने नाम पर एक लोकहित फाउंडेशन भी स्थापित किया है. यह फाउंडेशन मानवतावादी संगठनों की मदद करता है.
मेरियन एंडरसन पुरस्कार अमरीका के अश्वेत ओपरा गायक के नाम पर शुरू किया गया है.
एंडरसन ने 1930 के दशक में अंतरराष्ट्रीय ख्याति हासिल की, लेकिन अमरीका में उन्हें नस्लभेद का सामना करना पड़ा.