http://www.bbcchindi.com

रविवार, 07 अक्तूबर, 2007 को 23:46 GMT तक के समाचार

कोमल नाहटा
वरिष्ठ फ़िल्म पत्रकार

शाहिद कपूर की ग़म भुलाने की कोशिश

करीना कपूर से अलग होने के बाद शाहिद कपूर ने सिगरेट फूँकना शुरू कर दिया है. वैसे शाहिद अपनी सेहत का ख़ूब ध्यान रखते हैं.

मांसाहारी खाना नहीं खाते, दारू नहीं पीते और अभी तक सिगरेट भी नहीं पीते थे. लेकिन करीना के छोड़कर जाने के बाद ग़म में शाहिद ने सिगरेट पीना चालू कर दिया है.

जब करीना ने अपने जीवन में शाहिद की जगह सैफ़ अली ख़ान को दे दी तब शाहिद कनाडा में अज़ीज़ मिर्ज़ा की फ़िल्म की शूटिंग कर रहे थे.

उन्होंने वहीं से सिगरेट पीना शुरू किया और आजकल सिगरेट के कश लगा रहे हैं.

****************************************************************

जब मिले शाहिद-करीना

वैसे शाहिद और करीना की बात निकली तो आपको ये बता दें कि वी मेट की शूटिंग के आख़िरी दिन ये दोनों सितारे अलग होने के बाद पहली बार एक साथ शूटिंग कर रहे थे.

लेकिन दोनों एक-दूसरे के साथ बड़े प्रोफ़ेशनल तरीक़े से पेश आए. करीना कपूर शाहिद के मेक-अप रूम में गईं और उनसे पूछा कि वो शॉट के लिए कौन-से कपड़े पहन रहे हैं.

जवाब में शाहिद ने उन्हें कपड़ों की तरफ़ इशारा करते हुए कहा कि वो शूटिंग फ़्लोर पर 10 मिनट में पहुँचेंगे. दोनों ने ज़्यादा बातें नहीं की लेकिन माहौल ऐसा भी नहीं था कि आसपास के लोगों को शर्म आ जाए या ख़राब लगे.

जब वी मेट की आख़िरी दिन की शूटिंग मुंबई में पिछले सप्ताह हुई.

****************************************************************

ऐसी देरी..

कनाडा में अक्षय कुमार 25 दिनों की शूटिंग शेड्यूल में से पहले 17 दिनों तक अपने होटल के कमरे से बाहर निकले ही नहीं. शूटिंग के लिए नहीं लेकिन वे घूमने-फिरने के लिए बराबर बाहर जाते रहे.

फिर भला उन्होंने शूटिंग क्यों नहीं की? नहीं, ऐसा कुछ भी नहीं जैसा आप सोच रहे होंगे. अक्षय उन अभिनेताओं में से नहीं हैं, जो अपने निर्माताओं को परेशान करें.

हुआ यों कि परसेप्ट की फ़िल्म तस्वीर के लिए यूनिट कनाडा पहुँच तो गई लेकिन प्रोडक्शन वालों ने व्यवस्था ठीक नहीं की थी. कहने का मतलब ये है कि 17 दिनों तक निर्देशक नागेश कुकनूर फ़िल्म की शूटिंग कर ही नहीं पाए.

अक्षय जैसे कलाकार की तारीख़ों का इस तरह दुरुपयोग करना, ये बेवकूफ़ी से कम नहीं है.

****************************************************************

पिता सलाहकार तो...

सोनम कपूर की पहली फ़िल्म अभी तो रिलीज़ नहीं हुई लेकिन उनके पापा अनिल कपूर पहले से ही बेटी के सलाहकार बनते नज़र आ रहे हैं.

उन्होंने तो अभी से निर्माताओं से कहना शुरू कर दिया है कि उनकी बेटी सिर्फ़ अच्छी फ़िल्मों में काम करेंगी, ऐसी-वैसी फ़िल्मों से दूर रहेंगी.

इतने वर्षों से इंडस्ट्री में होने के बावजूद क्या अनिल ये नहीं जानते हैं कि अच्छी फ़िल्म बन जाती हैं, बनाने से पहले तो सारी फ़िल्में अच्छी ही लगती है.

तो फिर ये कौन तय करेगा कि सोनम को जो फ़िल्में मिल रही हैं वो अच्छी हैं या ख़राब. सोनम ख़ुद या प्रिय पापा अनिल.

****************************************************************

आरके का झंडा...

रणबीर कपूर अपने दादाजी स्वर्गीय राज कपूर की तरह सिर्फ़ नायक बन कर नहीं रहना चाहते हैं.

वो अभिनय के साथ निर्देशन की दुनिया में भी क़दम रखना चाहते हैं.

साँवरिया रिलीज़ हो जाने के बाद शायद रणबीर दादा जी के बैनर आरके फ़िल्म्स को फिर से जीवित करेंगे.

रणबीर कहते हैं- ये मेरी दिली तमन्ना है कि मैं अपने बैनर का झंडा दोबारा लहरा सकूँ.

ऋषि कपूर के बेटे ने इस दिशा में काम शुरू भी कर दिया है. वो अपनी पहली कहानी लिख रहे हैं.

****************************************************************

लेट लव स्टोरी

हरमन बवेजा की पहली फ़िल्म लव स्टोरी 2050 की क़िस्मत में लेट होना ही लिखा है. पहले जब करीना कपूर ने कुछ दिनों की शूटिंग के बाद फ़िल्म छोड़ दी. हालाँकि उन्होंने साइनिंग अमाउंट भी ले लिया था.

दूसरा इस कारण भी देरी हुई क्योंकि करीना के बाद फ़िल्म की नायिका ढूँढ़ने में भी समय लगा. फिर प्रियंका चोपड़ा के साथ फ़िल्म पूरी हुई.

हरमन के निर्माता-निर्देशक पापा हैरी बवेजा ने फ़िल्म को इस साल के आख़िरी महीने में रिलीज़ करने की सोची. 21 दिसंबर को फ़िल्म की रिलीज़ की तारीख़ का ऐलान भी कर दिया.

लेकिन अब ख़बर है कि फ़िल्म अगले साल 25 अप्रैल को रिलीज़ होगी. लव स्टोरी 2050 में कंप्यूटर ग्राफ़िक्स बहुत हैं क्योंकि ये अब से 43 साल बाद की कहानी है.