http://www.bbcchindi.com

रविवार, 30 सितंबर, 2007 को 12:30 GMT तक के समाचार

कोमल नाहटा
वरिष्ठ फ़िल्म पत्रकार

अनिल कपूर का डर

ओम शांति ओम की निर्देशक फ़राह ख़ान ने अनिल कपूर को अपनी फ़िल्म के एक ख़ास गाने में डांस करने के लिए कहा लेकिन अनिल ने मना कर दिया.

और अनिल के ना बोलने का कारण? मानो या ना मानो अनिल कपूर को डर था कि फ़राह और उनकी फ़िल्म के कलाकार उनका मज़ाक उड़ाएँगे.

लेकिन जब फ़राह ने अनिल से पूछा कि उनका मज़ाक क्यों उड़ाया जाएगा, तो अनिल कपूर के पास कोई जवाब नहीं था.

और तो और अनिल कपूर ने फ़राह से ये भी कहा कि वे गाने में इसलिए भी हिस्सा लेना नहीं चाहते थे क्योंकि वे भीड़ में एक होना पसंद नहीं करते.

सच अनिल, तो फिर सलाम-ए-इश्क़ क्या थी? उसमें भी तो कलाकारों की भीड़ थी. और उसमें आप भी तो थे.

******************************************************************

तोहफ़ा मुफ़्त में काम का

जिन चालीस कलाकारों ने शाहरुख़ ख़ान की फ़िल्म ओम शांति ओम में ख़ास उपस्थिति दर्ज कराई है, उन्होंने मुफ़्त में काम किया है.

इन चालीस कलाकारों में से तीस एक गाने में नज़र आएँगे.

जबकि 10 कलाकार अलग-अलग सीन में. इनके अलावा निर्देशक फ़राह ख़ान ने नामी निर्देशकों को भी अतिथि भूमिका में दिखाया है.

फ़िल्म के निर्माता और नायक शाहरुख़ ख़ान ने ओम शांति ओम में मुफ़्त में ख़ास भूमिका निभाने वाले सभी चालीस कलाकारों को तोहफ़ा भेजा.

तोहफ़े में टैग होया की घड़ी, नोकिया का मोबाइल और कुछ और क़ीमती चीज़ें शामिल थीं.

******************************************************************

संजू के साथ तीन-तीन फ़िल्में

संजय दत्त के सर पर भले ही जेल की तलवार लटक रही है लेकिन निर्माता और संजय के क़रीबी दोस्त बंटी वालिया का भरोसा बना हुआ है.

हाल ही में बंटी वालिया ने संजय दत्त के साथ एक नहीं, दो नहीं बल्कि तीन-तीन फ़िल्में बनाने का ऐलान किया है. तीनों फ़िल्मों के नाम थोड़े हट के हैं.

एक का टाइटिल 'लम्हा' है तो दूसरी फ़िल्म का 'जस्ट पंजाबी' और तीसरी का 'गैंग्स ऑफ़ लंदन' है. ये तीनों फ़िल्में वर्ष 2008 और 2010 के बीच शुरू होंगी.

******************************************************************

ऋतिक का दर्द

ऋतिक रोशन को घुटने में चोट लग गई है. मामला गंभीर नहीं है लेकिन दर्द के कारण ऋतिक को डॉक्टर ने आराम करने को कहा है.

ये तो अच्छा है कि ऋतिक की जोधा अकबर के अलावा कोई और फ़िल्म सेट पर नहीं है वरना उसकी शूटिंग रद्द करनी पड़ती. कोई दूसरा कलाकार होता तो वो शायद जैसे-तैसे शूटिंग कर भी लेता.

लेकिन आमिर और ऋतिक जैसे कलाकार अपने काम से कभी भी समझौता नहीं करते हैं.

******************************************************************

सोनाली की शह

निर्माता केसी बोकाड़िया ने वर्षों पहले सैफ़ अली ख़ान और सोनाली बेंद्रे के साथ राजेश वकील के निर्देशन में एक फ़िल्म बनाने की घोषणा की थी.

तीनों को साइनिंग अमाउंट देकर उनकी तारीख़ें भी ले ली गई थी. लेकिन किसी कारणवश वो फ़िल्म बनी ही नहीं. कुछ समय पहले बोकाड़िया ने निर्माताओं के एसोसिएशन में सोनाली के ख़िलाफ़ केस दर्ज किया है.

मामला साइनिंग अमाउंट ना लौटाने का है. हाल ही में सोनाली ने एसोसिएशन को कहा कि वो तो आज भी फ़िल्म में काम करने के लिए तैयार हैं. शर्त ये है कि वही सेट अप हो. यानी कि सैफ़ अली ख़ान उनके हीरो हों और राजेश वकील निर्देशक.

अब सोनाली बेंद्रे ख़ूब जानती हैं कि सैफ़ ना तो उनके साथ काम करेंगे और ना ही राजेश वकील जैसे निर्देशक के साथ. कहने का मतलब ये कि बिना मना किए सोनाली ने साइनिंग अमाउंट ना लौटाने का अच्छा तरीक़ा ढूँढ़ निकाला है.

******************************************************************

गोतिए की पारखी नज़र

फ़्रांस के जाने-माने फ़ैशन गुरु जॉ पॉल गोतिए हाल ही में भारत आए थे. मुंबई में वो निर्माता भाई कुमार-रमेश तौरानी और निर्देशक भाई अब्बास-मस्तान की फ़िल्म रेस की शूटिंग देखने गए.

वहाँ उनकी मुलाक़ात सैफ़ अली ख़ान, अक्षय खन्ना, बिपाशा बसु, कटरीना कैफ़ और समीरा रेड्डी से हुई. गोतिए तीनों नायिकाओं को देखकर बोल पड़े कि तीनों अंतरराष्ट्रीय मॉडल से कम नहीं.

इसका मतलब क्या ये है कि आने वाले दिनों में जॉ पॉल गोतिए शायद इन तीनों नायिकाओं में से एक को अपने कपड़े की प्रदर्शनी के लिए पेरिस बुलाएँगे?