http://www.bbcchindi.com

रविवार, 30 सितंबर, 2007 को 11:10 GMT तक के समाचार

जर्मनी में ओम शांति ओम का जलवा

शाहरुख़ ख़ान की ओम शांति ओम नौ नवंबर को रिलीज़ हो रही है लेकिन इससे पहले ही देश-विदेश में इस फ़िल्म को लेकर ज़बरदस्त उत्साह पैदा हो गया है.

भारत के साथ-साथ ब्रिटेन में तो इस फ़िल्म का बेसब्री से इंतज़ार तो हो ही रहा है, लेकिन यूरोप के एक अन्य देश जर्मनी में भी इस फ़िल्म को लेकर इतना उत्साह है कि पूछिए मत.

शाहरुख़ ख़ान के प्रशंसकों ने तो यहाँ एक याचिका पर दस्तख़त का अभियान चलाया हुआ है और वे मांग कर रहे हैं कि ओम शांति ओम बर्लिन फ़िल्म समारोह में दिखाई जाए.

वैसे तो बर्लिन फ़िल्म समारोह अगले साल फरवरी में होगा. लेकिन प्रशंसकों की मांग को देखते हुए अब ओम शांति ओम नौ नवंबर को ही जर्मनी में रिलीज़ होगी.

इंतज़ार और नहीं...

अब शाहरुख़ के प्रशंसकों को लंबा इंतज़ार नहीं करना पड़ेगा. ओम शांति ओम फ़राह ख़ान निर्देशित दूसरी फ़िल्म है. फ़राह ख़ान की निर्देशित पहली फ़िल्म थी- मैं हूँ ना.

ओम शांति ओम में शाहरुख़ ख़ान 1977 के एक जूनियर आर्टिस्ट का किरदार निभा रहे हैं जो एक मशहूर अभिनेत्री से प्यार करने लगता है. लेकिन उनका रिश्ता पूरा नहीं होता.

बाद में शाहरुख़ का पुनर्जन्म होता है वर्ष 2007 के सुपर स्टार के रूप में, ताकि वे अपने प्यार को पा सकें. इस फ़िल्म में दीपिका पादुकोण शाहरुख़ ख़ान के साथ हैं.

दीपिका मशहूर बैडमिंटन खिलाड़ी प्रकाश पादुकोण की बेटी हैं और ओम शांति ओम उनकी पहली फ़िल्म है.