http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 28 सितंबर, 2007 को 01:57 GMT तक के समाचार

चुंबन प्रकरण पर शिल्पा से पूछताछ

हॉलीवुड अभिनेता रिचर्ड गियर के साथ चुंबन विवाद के सिलसिले में बॉलीवुड अदाकारा शिल्पा शेट्टी से मुंबई हवाई अड्डे पर पूछताछ की गई है.

बर्लिन की उड़ान पकड़ने मुंबई हवाई अड्डे पर पहुँची शिल्पा को रोक कर अधिकारियों ने उनसे पूछताछ की. दरअसल अधिकारियों के पास अदालत के उस फ़ैसले का रिकॉर्ड ही नहीं था जिसमें शिल्पा के देश छोड़ने पर लगी रोक हटाई जा चुकी है.

शिल्पा शेट्टी बर्लिन में संगीत कार्यक्रम 'मिस बॉलीवुड' में हिस्सा लेने गई हैं.

शिल्पा के प्रवक्ता डेल भगवागर ने कहा, "उन्होंने मुझे आधी रात को फोन किया और वो रो रही थीं."

उधर शिल्पा शेट्टी का कहना था, "मैं कुछ इस तरह की कार्रवाई समझ सकती थी, अगर मैंने कोई अपराध किया होता. लेकिन मेरी ग़लती क्या है. मैं अभिनेत्री होने के नाते विदेशी धरती पर अपना कार्यक्रम देने जा रही थी."

लंबी पूछताछ के बाद अधिकारियों ने उन्हें जाने दिया. इस साल अप्रैल में एड्स पीड़ितों के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में रिचर्ड गियर ने सार्वजनिक तौर पर शिल्पा शेट्टी का चुंबन लिया था.

इसके बाद कुछ संगठन इस मामले को भारत के अलग-अलग स्थानों में अदालत में ले गए और गियर के ख़िलाफ़ वारंट भी जारी कर दिया गया.

हालाँकि सुप्रीम कोर्ट ने दोनों के ख़िलाफ़ देश के कई हिस्सों में दर्ज मामलों पर रोक लगा दी.