http://www.bbcchindi.com

रविवार, 26 अगस्त, 2007 को 12:38 GMT तक के समाचार

कोमल नाहटा
वरिष्ठ फ़िल्म पत्रकार, मुंबई से

शाहरुख़ ख़ान ने उतारी कमीज़

फ़िल्म ओम शांति ओम में शाहरुख़ ख़ान ने सलमान ख़ान की तरह अपनी कमीज़ निकाल दी है. निर्देशक फ़राह ख़ान उनकी ये तस्वीर अपने सेल फ़ोन पर दोस्तों को दिखाती फिर रही हैं.

इससे पहले शाहरुख़ ने अपनी ही फ़िल्म अशोका में भी ऊपर के कपड़े निकाले थे. तब भी शाहरुख़ कसरत करते थे ताकि उनका शरीर सही नज़र आए.

इस बार तो शाहरुख़ ख़ान ने अपने शरीर पर कुछ ज़्यादा ही मेहनत की है जो उनकी तस्वीरों में नज़र आती है. शाहरुख़ ख़ान की ये टॉपलेस तस्वीर फ़िल्म के प्रोमोशन में इस्तेमाल की जाएगी.

इसलिए दर्शकों को शाहरुख़ ख़ान का ये जलवा देखने के लिए फ़िल्म की रिलीज़ तक रुकने की ज़रूरत नहीं है. क्या लड़कियों के चीखने-चिल्लाने की आवाज़ शुरू हो चुकी है?

****************************************************************

सितारों का जमावड़ा

अगर शाहरुख़ ख़ान की नई फ़िल्म ओम शांति ओम में इंडस्ट्री के क़रीब 20-30 बड़े हीरो और हीरोईन एक ही गाने में एक साथ होना काफ़ी नहीं है तो आगे पढ़िए.

निर्देशक फ़राह ख़ान अब क्लाइमैक्स का एक सीन शूट करने जा रही है जिसमें शाहरुख़ के अलावा अक्षय कुमार, ऋतिक रोशन और अभिषेक बच्चन भी होंगे.

सीन में ये तीनों स्टार शाहरुख़ के साथ सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार लेने के लिए नामांकित किए गए हैं. अवार्ड नाइट का फ़ंक्शन फ़राह ख़ान फ़िल्माएँगी और उस समारोह के सीन में ये सारे सितारे नज़र आएँगे.

जो सितारों से भरा गाना फ़िल्माया गया है, उस गाने में ये तीनों सितारे नहीं देखने को मिलेंगे.

****************************************************************

पहला ना फिर हाँ

प्रीति ज़िंटा ने नेशनल अवार्ड विजेता निर्देशक जाहनू बरुआ की फ़िल्म के लिए हाँ बोलकर ना कर दिया था. प्रीति कहानी के कुछ हिस्से से ख़ुश नहीं थी.

उन्हें फ़िल्म के डॉयलॉग भी पसंद नहीं आए थे. लेकिन फ़िल्म के लेखक अब कहानियों में कुछ बदलाव लेकर आ रहे हैं. इसलिए प्रीति ज़िंटा वापस फ़िल्म का हिस्सा बनने को तैयार हो गई हैं.

प्रीति जाहनू बरुआ की फ़िल्म में काम करने के लिए बहुत उत्सुक थी क्योंकि अब उनकी नज़र पुरस्कारों पर है.

बॉक्स ऑफ़िस की रानी बनने के बाद अब प्रीति ज़िंटा कुछ बड़े और सम्माननीय पुरस्कार जीतना चाहती हैं.

****************************************************************

सागरिका की बढ़ती मांग

सागरिका घाटगे जिन्होंने चक दे इंडिया में प्रीति सभरवाल (चंडीगढ़ महिला हॉकी टीम की कप्तान) की भूमिका निभाई थी.

अब अभिनय की दुनिया में उतर रही हैं.

कॉलेज ख़त्म होने के कुछ दिनों बाद ही सागरिका को चक दे इंडिया में भूमिका मिली थी. उस फ़िल्म के चलने के बाद सागरिका ने अभिनय सीखना शुरू कर दिया है.

यहाँ तक कि सागरिका ने अब सेक्रेटरी भी रख ली है.

****************************************************************

बुरे की भनक

लगता है सलमान ख़ान को भनक थी कि जोधपुर की अदालत का फ़ैसला उनके ख़िलाफ़ आने वाला है. फ़ैसले के एक सप्ताह पहले उनकी मैरीगोल्ड रिलीज़ होकर फ़्लॉप हो गई.

उसके तुरंत बाद 'द लास्ट सपर' की उनकी पेंटिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया. उस पेंटिंग में सलमान अमृता अरोड़ा के परिवार वालों को पेंट करना चाहते थे.

जिसकी वजह से ईसाई समुदाय के कुछ लोग उनके ख़िलाफ़ हो गए. और अदालत के फ़ैसले के एक दिन पहले सलमान को बोनी कपूर की शूटिंग के दौरान चोट लग गई.

फ़िल्म का एक्शन सीन फ़िल्माया जा रहा था और सलमान ख़ान को नकली गोली से काफ़ी चोट लगी.

इन सारी घटनाओं से ऐसा लग रहा था कि कोर्ट का फ़ैसला कुछ ऐसा होगा कि सलमान के लिए हानिकारक हो सकता है.

****************************************************************

यूटीवी की क़ीमत

यूटीवी ने उनकी जोधा अकबर और दन-दना-दन गोल को बेचने का फ़ैसला किया है. वैसे यूटीवी के ख़ुद के वितरण कार्यालय देशभर में और विदेश में भी हैं.

लेकिन इन दोनों फ़िल्मों के लिए यूटीवी को अच्छी क़ीमत मिलती है तो वो फ़िल्म को बेचने के लिए तैयार हैं. और अच्छी क़ीमत क्या होती है?

ऐश्वर्या राय और ऋतिक रोशन की जोधा अकबर के लिए 80 करोड़ रुपए और जॉन अब्राहम की गोल के लिए 40 करोड़ रुपए.

कहते हैं जोधा अकबर को बनाने में यूटीवी ने क़रीब 40 करोड़ ख़र्च कर हैं और गोल में क़रीब 20-25 करोड़ रुपए.