बुधवार, 08 अगस्त, 2007 को 12:50 GMT तक के समाचार
इराक़ में अमरीकी सेना का कहना है कि उसने इराक़ी सेना के साथ मिलकर राजधानी बग़दाद में 30 चरमपंथियों को मार दिया है.
सेना के मुताबिक इनमें से ज़्यादातर की मौत शिया बहुल सद्र सिटी में मारे गए छापे के बाद हवाई हमले में हुई.
इस दौरान 12 लोगों को हिरासत में भी लिया गया.
अमरीकी सेना के मुताबिक मारे गए लोग ऐसे नेटवर्क का हिस्सा थे जो ईरान से हथियारों की तस्करी कर रहे थे लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मारे गए लोगों में बच्चे और महिलाएँ भी शामिल हैं.
एपी के मुताबिक सद्र सिटी में इराक़ी पुलिस ने कहा है कि अमरीकी हैलीकॉप्टरों की बमबारी के दौरान नौ नागरिक मारे गए जिसमें दो महिलाएँ शामिल हैं.
रिपोर्टों के अनुसार इस घटना के बाद सद्र सिटी में सैकड़ों लोग छापे के विरोध में सड़कों पर उतर आए.
ये छापा बग़दाद में शुरु होने वाले शियाओं के एक धार्मिक उत्सव से पहले मारा गया है. इस उत्सव में हज़ारों की संख्या में लोग आते हैं.
बग़दाद में तीन दिन के लिए वाहन चलाने का कर्फ़्यू लगा दिया गया है और नए नाके बनाए गए हैं.
ये हिंसक घटना ऐसे समय हुई है जब इराक़ के प्रधानमंत्री नूरी अल मलिकी ने ईरान से सुरक्षा के मुद्दे पर बातचीत की है.
ईरान में इराक़ी राजदूत मोहम्मद मजीद अल शेख ने कहा है कि इराक़ में सुरक्षा स्थिति बेहतर करने में ईरानी सरकार की बड़ी भूमिका है.
अमरीकी अधिकारी आरोप लगाते रहे हैं कि ईरान ने इराक़ी मिलिशिया को समर्थन और बढ़ा दिया है लेकिन ईरान इन आरोपों से इनकार करता रहा है.