http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 01 अगस्त, 2007 को 17:43 GMT तक के समाचार

समलैंगिक फ़िल्मों के लिए ख़ास अवॉर्ड

प्रतिष्ठित वेनिस फ़िल्म फ़ेस्टिवल में अब से एक नए अवार्ड की शुरुआत की गई है.

अब उन फ़िल्मों को विशेष रुप से सम्मानित किया जाएगा जो समलैंगिक विषयों या किरदारों पर आधारित हो.

वेनिस फ़िल्मोत्सव में मिलने वाले ‘गोल्डन लायन अवार्ड’ की तर्ज पर ‘द क्वीर लायन अवार्ड’ समलैंगिक विषयों को उठाती फ़िल्मों को दिया जाएगा.

प्रतियोगिता निदेशक डेनियल कासाग्रांडे ने बताया कि चार वर्षों तक चले विचार विमर्श के बाद इस फ़ैसले पर पहुँचा जा सका.

डेनियल कासाग्रांडे ने उम्मीद जताई कि पहली बार शुरू होने वाले इस अवॉर्ड के लिए 10 से 12 फ़िल्में प्रतियोगिता के लिए आएँगी.

उन्होंने कहा, “हम ब्रोकबैक माउंटेन जैसी फ़िल्म की अपेक्षा नहीं कर रहे. हमें ऐसी फ़िल्मों की अपेक्षा है जो समलैंगिक किरदारों या विषयों को ठीक से दिखाएँ.”

विजेता फ़िल्म का चयन एक ज्यूरी करेगी. वेनिस फ़िल्म फ़ेस्टिवल 29 अगस्त से लेकर आठ सितंबर तक चलेगा.

बर्लिन फ़िल्म उत्सव में भी इस तरह का अवॉर्ड पिछले 21 सालों से दिया जा रहा है.

वहाँ गोल्डन बीयर की तर्ज पर बर्लिन उत्सव में टेडी अवॉर्ड दिया जाता है.