सोमवार, 30 जुलाई, 2007 को 10:25 GMT तक के समाचार
स्वीडन के जाने-माने फ़िल्मकार इंगमार बर्गमैन का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है. उनका निधन स्वीडन के टापू फ़ारो में हुआ.
विश्व सिनेमा के परिदृश्य पर उनकी गिनती महान फ़िल्मकारों में होती है.
विदेशी भाषा की श्रेणी में उन्होंने तीन बार ऑस्कर पुरस्कार भी जीता है जिसमें उनकी फ़िल्म 'फ़ैनी एंड एलेक्ज़ेंडर' , द वर्जिन स्प्रिंग और 'थ्रू ए ग्लास डार्कली' शामिल है.
उन्होंने 40 से भी ज़्यादा फ़िल्में बनाई हैं और 1946 में आई फ़िल्म 'क्राइसिस' उनकी पहली फ़िल्म थी.
1951 में आई 'समर इंटरलूड' और 1953 में आई 'समर विद मोनिका' से उन्हें काफ़ी शोहरत मिली.
1957 में आई उनकी फ़िल्म ‘द सेवेंथ सील’ को विश्व की महानतम फ़िल्मों में शुमार किया जाता है. फ़िल्म की 50वीं वर्षगाँठ के मौके पर इसे फिर से सिनेमाघरों में दिखाया जा रहा है.
फ़िल्म का वो दृश्य आज भी काफ़ी मशहूर है जिसमें एक चरित्र मौत के साथ शतरंज खेलता है.
इंगमार बर्गमैन ने पाँच बार शादी की और उनके आठ बच्चे हैं.
उनकी ज़्यादातर फ़िल्में विवाहित लोगों के बीच के तनाव पर केंद्रित रहती थीं.
उन्होंने कई स्क्रीनप्ले लिखे और थिएटर में भी कई वर्षों तक काम किया.