गुरुवार, 12 जुलाई, 2007 को 21:59 GMT तक के समाचार
हैरी पॉटर की नई फ़िल्म, 'हैरी पॉटर एंड द ऑर्डर ऑफ़ द फ़िनिक्स' ने अमरीका में कमाई का नया रिकॉर्ड बना लिया है.
बुधवार को रिलीज़ होने के बाद इसने आधी रात के शो में एक करोड़ 20 लाख डॉलर की कमाई की है.
'डेली वैरायटी' के अनुसार यह रिलीज़ होने के साथ कमाई का रिकॉर्ड है.
इससे पहले 'लॉर्ड ऑफ़ द रिंग्स: द रिटर्न ऑफ़ द किंग' ने आधी रात के पहले शो में 80 लाख डॉलर की कमाई की थी.
'लॉर्ड ऑफ़ द रिंग्स' सीरीज़ की यह फ़िल्म वर्ष 2003 में रिलीज़ हुई थी.
लेकिन हैरी पॉटर सीरीज़ की इससे पहले बनी फ़िल्म 'हैरी पॉटर एंड गॉब्लेट ऑफ़ फ़ायर' ने पहली रात सिर्फ़ 60 लाख डॉलर की कमाई दर्ज़ की थी.
चुनौती
हैरी पॉटर फ़िल्मों में प्रमुख भूमिका निभाते आ रहे डेनियल रैडक्लिफ़ ने एक अमरीकी टेलीविज़न को दिए गए साक्षात्कार में कहा है कि इस फ़िल्म में उन्होंने सबसे कठिन भूमिका निभाई है.
उन्होंने कहा, "हर फ़िल्म अपने क़िस्म की अलग चुनौती लेकर आती है, इस लिहाज़ से हर फ़िल्म में आप एक नई चुनौती का सामना कर रहे होते हैं."
जब यह सीरीज़ शुरु हुई थी, उस समय रैडक्लिफ़ की उम्र दस साल थी.
तब यह तय नहीं था कि पहली फ़िल्म में हैरी पॉटर की भूमिका निभाने वाले डेनियल रैडक्लिफ़ आगे भी भूमिका निभाते रहेंगे.
लेकिन निर्माताओं ने उसे बनाए रखना पसंद किया.
अब रैडक्लिफ़ एक स्कूली बच्चे की जगह एक नौजवान हो गए हैं और वे 23 जुलाई को 18 साल के होने वाले हैं.
उनका कहना है कि जब तक हैरी पॉटर सीरीज़ की तीसरी फ़िल्म नहीं बन गई, वे ख़ुद नहीं जान सके थे कि अभिनय करना एक ऐसा काम है जो वे लंबे समय तक करते रहना चाहेंगे.
फ़िल्म में पहली बार चुंबन का दृश्य देने के बारे में रैडक्लिफ़ ने कहा, "वह फ़िल्म का बहुत अच्छा और नाज़ुक दृश्य है. लेकिन यह इतनी बड़ी बात भी नहीं है जैसा कि सब लोग सोच रहे हैं."
पाँचवी फ़िल्म
लेखिका जेके रोलिंग की लोकप्रिय हैरी पॉटर किताबों पर आधारित यह पाँचवीं फ़िल्म है.
इस फ़िल्म में वही कलाकार काम कर रहे हैं, जो पहली फ़िल्म में थे लेकिन इस फ़िल्म को देखकर लगता है कि वे तेज़ी से बड़े हो रहे हैं.
समीक्षकों ने इस फ़िल्म की तारीफ़ की है लेकिन कहा है कि यह सबसे अच्छी पॉटर फ़िल्म नहीं है.
अभूतपूर्व सफलता हासिल करने वाली हैरी पॉटर सीरीज़ की पहली फ़िल्म सिनेमाघरों में छह साल पहले आई थी.
और इसकी लोकप्रियता का आलम यह है कि फ़िल्म के निर्माता वार्नर ब्रदर्स ने इस फ़िल्म को सिर्फ़ अमरीका और कनाडा में नौ हज़ार सिनेमाघरों में एक साथ रिलीज़ किया है.
जबकि दुनिया के दूसरे हिस्सों में 13 हज़ार प्रिंट्स भेजे गए हैं. कई देशों में फ़िल्म गुरुवार को और कई देशों में शुक्रवार को रिलीज़ हो रही है.
वार्नर ब्रदर्स के लिए हैरी पॉटर सीरिज़ की फ़िल्म का मतलब है विशुद्ध कमाई. याद रहे कि इससे पहले चार फ़िल्मों ने साढ़े तीन अरब का लाभ अर्जित किया था.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि 'हैरी पॉटर एंड द ऑर्डर ऑफ़ द फ़िनिक्स' फ़िल्म के निर्देशक डेविड येट्स नए हैं और वे इससे पहले ब्रिटेन में टेलीविज़न में सीरियल बनाते रहे हैं.
उनका कहना है कि निर्देशक ने इस फ़िल्म में इंग्लैंड की ज़्यादा वास्तविक तस्वीर दिखाई है.
इस बीच हैरी पॉटर सीरीज़ की सातवीं और आख़िरी किताब 'हैरी पॉटर एंड द डेथली हैलोज़' दस दिनों के भीतर बाज़ार में आने वाली है.