पाकिस्तान के फ़िल्म सेंसर बोर्ड ने हिंदी फ़िल्म 'आवारापन' के पाकिस्तान में प्रदर्शन की अनुमति दे दी है.
मुकेश भट्ट और महेश भट्ट की इस फ़िल्म के निर्देशक मोहित सूरी हैं.
पाकिस्तानी फ़िल्म सेंसर बोर्ड के इस फ़ैसले का स्वागत करते हुए महेश भट्ट ने कहा है कि वे इस बात से ख़ुश हैं कि उनकी फ़िल्म पाकिस्तान में दिखाई जाएगी.
'आवारापन' भारत में रिलीज़ हो चुकी है और अब 13 जुलाई को अमरीका, ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों के साथ-साथ पाकिस्तान में भी देखी जा सकेगी.
एक समाचार एजेंसी से बातचीत करते हुए महेश भट्ट ने कहा कि अब उन्हें इस बात की चिंता है कि फ़िल्म के कलाकारों को पाकिस्तान जाने के लिए वीज़ा मिलेगा या नहीं.
भारतीय कलाकारों को पाकिस्तानी वीज़ा हासिल करने की कोशिश में कई बार मायूसी का सामना करना पड़ा है.
पाकिस्तानी सेंसर बोर्ड ने पहले यह कहते हुए फ़िल्म के प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी कि इस फ़िल्म के निर्माता-निर्देशक और ज़्यादातर कलाकार भारतीय हैं इसलिए पाकिस्तान में उसे नहीं दिखाया जा सकता.
भारतीय-पाकिस्तानी
इस फ़िल्म में पाकिस्तानी लड़की और भारतीय लड़के की प्रेम कहानी दिखाई गई है और इस फ़िल्म के संगीत में पाकिस्तानी कलाकारों की अहम भूमिका है.
अभिनेता इमरान हाशमी का दावा है कि वह इस फ़िल्म में बिल्कुल अलग भूमिका में हैं और उनके साथ दिखाई दे रही हैं नई अभिनेत्री श्रेया सरन.
पाकिस्तान सेंसर बोर्ड के चेयरमैन अज़फ़र शफ़ाक़त ने फ़िल्म दिखाने की अनुमति देने से इनकार करते हुए कहा था कि 'आवारापन' के पाकिस्तानी फ़िल्म होने की दलील देते हुए इसके यहाँ प्रदर्शन की इजाज़त माँगी गई थी लेकिन यह फ़िल्म पाकिस्तानी फ़िल्म होने की शर्तें पूरी नहीं करती है.
लेकिन साथ ही उन्होंने कहा था कि अगर इस फ़िल्म को विदेशी श्रेणी में दिखाने की इजाज़त मांगी जाए तो इस पर विचार किया जा सकता है.