शुक्रवार, 15 जून, 2007 को 16:34 GMT तक के समाचार
अपने कारनामों से हमेशा सुर्ख़ियों में रहने वाली चर्चित पॉप स्टार ब्रिटनी स्पीयर्स का नया एलबम आए तो उसे लेकर उनके प्रशंसकों का उत्साह देखते ही बनता है.
लेकिन ठहरिए, इस बार एलबम रिलीज़ से पहले प्रशंसकों को ही उसका टाइटिल चुनना है. इसके लिए ब्रिटनी ने अपने प्रशंसकों से अपील की है. ये अपील उनकी वेबसाइट पर लगी है.
इस साल के शुरू में 25 वर्षीय ब्रिटनी ने ख़ूब सुर्खियाँ बटोरी थी. पहले तो उन्होंने अपना सिर मुँडा लिया था और पार्टियों में भी ख़ूब नज़र आने लगी थी.
लेकिन अंतत: उन्हें सुधार गृह में जाना पड़ा, जहाँ उनका इलाज हुआ. पिछले साल नवंबर में ब्रिटनी ने अपने पति फ़ेडरलिन से तलाक़ ले लिया था. उसके बाद से ही उन्हें पार्टियों में देखा जाने लगा.
अपनी वेबसाइट पर अपने नए एलबम के लिए ब्रिटनी ने ख़ुद भी कई टाइटिल सुझाए हैं. मसलन व्हाट इफ़ द जोक इज ऑन यू, डाउन ब्वॉय और डिग्निटी.
नवंबर 2003 के बाद से ब्रिटनी का कोई एलबम नहीं आया है. उस साल उनका एलबम द ज़ोन आया था. फरवरी में उन्हें सुधार गृह जाना पड़ा. वहाँ से लौटने के बाद ब्रिटनी ने अपने मैनेजर को हटा दिया.
उसके बाद उन्होंने लॉस एंजेलेस और आसपास के कई नाइट क्लबों में अपना कार्यक्रम दिया है.