एस साईंसुधा और ए लक्ष्मी
बीबीसी संवाददाता
दक्षिण के सुपरस्टार रजनीकांत की शिवाजी शुक्रवार को रिलीज़ हो गई, हालाँकि कई दिन पहले से ही इस फ़िल्म को लेकर लोगों में ज़बरदस्त उत्साह था.
शिवाजी को भारत की सबसे बड़ी बजट वाली फ़िल्म माना जा रहा है. इस फ़िल्म को लेकर इसलिए भी ज़बरदस्त उत्साह है क्योंकि इसमें शीर्ष भूमिका में रजनीकांत हैं.
फ़िल्म तमिलनाडु के सबसे पुराने प्रोडक्शन हाउस एवीएम के बैनर तले बनी है और इसका निर्देशन किया है शंकर ने.
रजनीकांत के प्रशंसकों के लिए ये फ़िल्म इसलिए भी ख़ास है क्योंकि दो साल बाद रजनीकांत किसी फ़िल्म में काम कर रहे हैं. मशहूर संगीत निर्देशक एआर रहमान ने फ़िल्म का संगीत दिया है.
फ़िल्म में शीर्ष कलाकार तो हैं ही, तकनीकी तौर पर भी फ़िल्म को सर्वश्रेष्ठ माना जा रहा है.
ये भी माना जा रहा है कि फ़िल्म ने बजट के मामले में भी पहले के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. साथ ही इस फ़िल्म के रिकॉर्ड प्रिंट भी जारी किए गए हैं.
शिवाजी का ऑडियो अप्रैल में रिलीज़ किया गया था. पहले से ही इस फ़िल्म के 105,000 ऑडियो सीडी और 90000 कैसेट की माँग थी.
एवीएम प्रोडक्शन के सूत्रों के मुताबिक़ इस फ़िल्म के पाँच लाख ऑडियो सीडी और कैसेट सप्लाई किए गए हैं.
तमिलनाडु के अलावा मुंबई में भी इस फ़िल्म को लेकर ज़बरदस्त उत्साह है. केरल में भी फ़िल्म की 38000 सीडी बेची गई हैं. ऐसा पहली बार है कि किसी दूसरी भाषा की फ़िल्म की इतनी ऑडियो सीडी की बिक्री हुई है.
निर्देशक शंकर को दक्षिण का 'स्टीवन स्पीलबर्ग' कहा जाता है. शंकर फ़िल्म को भव्यता से फ़िल्माने के लिए जाने जाते हैं. तकनीकी रूप से तो शिवाजी को स्पाइडरमैन और हैरी पॉटर की श्रेणी में रखा जा रहा है.
एडवांस बुकिंग
शिवाजी दो महीने की देर से रिलीज़ हुई, लेकिन इस देरी के कारण फ़िल्म को लेकर लोगों का उत्साह और बढ़ा. 10 जून को चेन्नई के 18 थियेटरों के लिए एडवांस बुकिंग शुरू हुई. बुकिंग सात बजे सुबह से शुरू होनी थी और लोग चार बजे सुबह से ही वहाँ इकट्ठा होना शुरू हो गए थे.
पहले दिन ही दो सप्ताह की एडवांस बुकिंग हो गई. बुकिंग के समय इतनी भीड़ जुट गई कि लोगों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बुलाना पड़ा.
चेन्नई में पॉपुलर सिनेप्लेक्स के मालिक और फ़िल्म के वितरक अबीरामी रामानाथन के मुताबिक़ अभी तक सिर्फ़ चेन्नई शहर में 1.7 करोड़ रुपए के टिकट बिक चुके हैं.
एवीएम प्रोडक्शन का कहना है कि उन्होंने तमिल में फ़िल्म के 450 प्रिंट तैयार किए हैं और तेलुगू में 300 प्रिंट, लेकिन हर दिन इसकी माँग बढ़ रही है. रजनीकांत के अनुसार फ़िल्म का थीम है ब्लैक मनी के ख़िलाफ़ जंग.
वैसे इस फ़िल्म को भारत की सबसे बड़ी बजट वाली फ़िल्म माना जा रहा है लेकिन प्रोडक्शन हाउस ने अभी तक इस बारे में कुछ नहीं बताया है. न ही ये पता चला है कि रजनीकांत ने इस फ़िल्म के लिए कितने पैसे लिए हैं.