शुक्रवार, 08 जून, 2007 को 00:28 GMT तक के समाचार
अमरीकी मॉडल पेरिस हिल्टन को जेल की सज़ा शुरू किए अभी तीन ही दिन बीते थे कि उन्हें रिहा कर दिया गया.
हालांकि राहत मिलने के कुछ घंटों बाद ही पेरिस को सज़ा सुनाने वाले न्यायाधीश ने उन्हें फिर से अदालत में तलब किया है ताकि यह तय किया जा सके कि क्या उन्हें दोबारा जेल भेजा जाना चाहिए.
दरअसल, पेरिस को जल्द रिहा किए जाने की व्यापक स्तर पर निंदा हो रही है. लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि पेरिस को विशेष राहतें दी गईं.
उनको शराब पीकर गाड़ी चलाने के जुर्म में 45 दिनों की क़ैद की सज़ा सुनाई गई थी जिसे बाद में कम करने 23 दिन कर दिया गया था.
हालांकि उन्हें इलेक्ट्रॉनिक टैग पहनना होगा जिससे जेल के अधिकारी उन पर निगरानी रख सकें और इस बीच उन्हें घर पर ही रहने को कहा गया है.
अधिकारियों का कहना है कि पेरिस हिल्टन को चिकित्सकीय कारणों से समय से पहले जेल से रिहा किया गया है.
प्रशासन के इस निर्णय की निंदा की जा रही है.
26 वर्षीय हिल्टन ख़ुद को लॉस एंजेलेस काउंटी जेल के हवाले किया था.
पेरिस हिल्टन को सितंबर में शराब पीकर गाड़ी चलाने के लिए पकड़ा गया था.
इसके बाद उन्हें चेतावनी दी गई थी और उनका लाइसेंस स्थगित कर दिया गया था. लेकिन लाइसेंस स्थगित होने के बावजूद वे गाड़ी चलाते हुए पकड़ी गई.