http://www.bbcchindi.com

रविवार, 27 मई, 2007 को 16:45 GMT तक के समाचार

कोमल नाहटा
वरिष्ठ फ़िल्म पत्रकार

तब्बू को मिली मुफ़्त की सलाह

तब्बू ने अपने दोस्तों के लिए फ़िल्म चीनी कम का स्पेशल ट्रायल शो यशराज स्टूडियो में रखा था. फ़िल्म की रिलीज़ से दो दिन पहले इस स्पेशल शो में शायद सिनेमाघरों से ज़्यादा लोग आए थे.

करण जौहर, डेविड धवन, विवेक ओबेरॉय, तुषार कपूर, शबाना आज़मी, जावेद अख़्तर, माधवन, शरमन जोशी और राकेश मेहरा जैसी हस्तियाँ भी उस शो में पहुँची.

इस शो में कॉफ़ी विद करण के एंकर और जाने-माने निर्माता-निर्देशक करण जौहर ने तब्बू को मुफ़्त में एक सलाह भी दे डाली. करण ने तब्बू से कहा कि वो भी ग्लैमरस लग सकती हैं अगर वो अपने आप पर मेहनत करें.

करण ने कहा- तुम्हारे पास वो ख़ूबसूरती है जिससे तुम भी ग्लैमरस नज़र आ सकती हो बस थोड़ी मेहनत की ज़रूरत है. ये सुनकर तब्बू ख़ुश हुईं. करण ख़ुद आजकल डनहिल शर्ट्स के ब्रैंड एम्बैसडर बने हुए हैं.

**************************************************************

आमिर की बॉडी बिल्डिंग

सलमान ख़ान के बाद आमिर ख़ान भी आजकल अपनी सेहत पर कुछ ख़ास ध्यान दे रहे हैं. तारे ज़मीन पर की शूटिंग ख़त्म करने के बाद आमिर तमिल फ़िल्म ग़ज़नी के हिंदी रीमेक में जुट गए हैं.

और इस फ़िल्म में ना सिर्फ़ उन्हें ऐक्शन सीन करने पड़ेंगे बल्कि अपनी बॉडी भी दिखानी पड़ेगी. इसलिए परफ़ेक्शनिस्ट आमिर ख़ान ने कसरत शुरू कर दी है.

आमिर ख़ान ने पिछले दिनों ये स्पष्ट कर दिया था कि तारे ज़मीन पर का निर्देशन उन्होंने ही किया है. पहले इस फ़िल्म के निर्देशन का ज़िम्मा अमोल गुप्ते को सौंपा था.

लेकिन आमिर उनके निर्देशन से संतुष्ट नहीं थे. वैसे आमिर ने ग़ज़नी के रीमेक का नाम कजरी रखा है और इस पर भी विवाद शुरू हो गया है.

क्योंकि राजस्थान के एक वितरक का कहना है कि इस नाम की फ़िल्म पहले से ही तैयार है. अब ये मामला अदालत में हैं.

**************************************************************

बिड़ला के अक्षय

ब्रैंड एम्बैसडर से याद आया अक्षय कुमार ने पिछले साल विपुल शाह और ऐडलैब्स के साथ तीन तरफ़ा एग्रीमेंट भले ही साइन नहीं किया हो लेकिन हाल ही में उन्हें बिड़ला ग्रुप ने अपनी ग्रासिम सूटिंग का फ़ेस बना दिया है.

और इस कॉन्ट्रैक्ट की वजह से अक्षय का बैंक अकाउंट छह करोड़ रुपए ज़्यादा हो गया है.

इतना तो अक्षय कुमार को किसी फ़िल्म में काम करने से भी नहीं मिला है.

**************************************************************

अपनों के साथ अपनापन

सलमान ख़ान पिछले सप्ताह फ़िल्म अपने की म्यूज़िक रिलीज़ फ़ंक्शन के बाद गोविंदा, सनी देओल और बॉबी देओल को डेविड धवन के घर लेकर गए.

सनी देओल, जो किसी के घर ज़्यादा आते-जाते नहीं, उन्होंने पहले तो वहाँ जाने से मना कर दिया. लेकिन जब सलमान ने बहुत ज़ोर दिया तो वो भी डेविड के घर चले गए.

उन सब को रात के 11 बजे घर पाकर डेविड की धर्मपत्नी लाली बहुत ख़ुश हुई. उन्होंने सनी पाजी को तो गले ही लगा लिया.

पार्टी में उन लोगों ने खाना नहीं खाया था इसलिए खाने का कार्यक्रम डेविड के घर पर ही बना. लाली ने एक घंटे में छह डिश तैयार कर डाली. इसे कहते हैं अपने के बाद अपनापन.

**************************************************************

शाहिद-करीना की परेशानी

शाहिद कपूर और करीना कपूर को शायद किसी सफ़र में इतनी तकलीफ़ नहीं हुई होगी जितनी उन्हें 26 मई को दिल्ली से मुंबई आने में हुई.

दिल्ली एयरपोर्ट में उन्हें विमान उड़ने का छह घंटे तक इंतज़ार करना पड़ा. वैसे दिल्ली हवाई अड्डे में उस दिन बहुत समस्याएँ थी.

करीना और शाहिद तो मुंबई पहुँच गए लेकिन तुषार कपूर तो उस रात मुंबई आ ही नहीं पाए क्योंकि उनकी उड़ान कैंसिल हो गई.

तुषार शूटआउट ऐट लोखंडवाला के प्रोमोशन के लिए दिल्ली गए थे जबकि शाहिद और करीना कुल्लू मनाली में यूटीवी की फ़िल्म की शूटिंग कर रहे थे.

**************************************************************

मेघना नायडू की शिकायत

मेघना नायडू के ख़िलाफ़ प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन में शिकायत की गई और शिकायत की निर्माता-निर्देशक मोहन बग्गड़ ने.

मोहन बग्गड़ का कहना था की मेघना ने उन्हें हाँ बोलने के बाद उनकी फ़िल्म में काम करने से मना कर दिया.

ये सब एक लाख रुपए बतौर साइनिंग अमाउंट के लेने के बाद हुआ. जिससे मोहन बग्गड़ काफ़ी नाराज़ थे. फ़िल्म प्रोड्यूसर्स के एसोसिएशन इम्पा ने इस मामले की सुनवाई की.

बग्गड़ के अनुरोध पर हुई सुनवाई के बाद ये फ़ैसला हुआ कि मेघना नायडू को साइनिंग अमाउंट के आधे रुपए निर्माता-निर्देशक को लौटाने पड़ेंगे.

**************************************************************

गोल और गोलललललल

विवेक अग्निहोत्री यूटीवी के लिए गोल बना रहे हैं. पर गोल के नाम से एक और फ़िल्म बन रही है. फ़र्क सिर्फ़ इतना है कि उसका टाइटिल सीधे और सरल गोल की बजाए गोलललललललल है.

ये गोललललललल बिल्कुल वैसा है जैसा कि आप किसी के गोल मारने पर चिल्ला उठते हैं. यूटीवी की गोल में अगर जॉन अब्राहम हैं तो दूसरी गोलललललल एक एनिमेशन फ़िल्म है.

इस फ़िल्म में बेन किंग्सले, कैथरीन ज़ीटा जोन्स और माइकल डगलस जैसे स्टार्स की आवाज़ में डायलॉग सुनने को मिलेंगे.