http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 03 मई, 2007 को 12:12 GMT तक के समाचार

'सिरफिरों' से नाराज़ शिल्पा शेट्टी

बॉलीवुड स्टार शिल्पा शेट्टी ने कहा है कि कुछ सिरफिरे लोग रिचर्ड गियर के चुंबन मामले को हवा दे रहे हैं.

पिछले दिनों दिल्ली में एड्स जागरुकता कार्यक्रम के दौरान हॉलीवुड अभिनेता रिचर्ड गियर ने शिल्पा शेट्टी को चूम लिया था.

इसके बाद मीडिया में ख़बर आने के बाद कई जगह इसके विरोध में प्रदर्शन हुए.

शिल्पा शेट्टी-रिचर्ड गियर का चुंबन

हालाँकि बाद में रिचर्ड गियर ने इस मामले पर खेद व्यक्त किया और कहा कि अगर इस घटना से किसी की भावनाओं को ठेस पहुँची है, तो वे उसके लिए क्षमा मांगते हैं.

पिछले दिनों राजस्थान की एक अदालत ने तो रिचर्ड गियर और शिल्पा शेट्टी के ख़िलाफ़ वारंट भी जारी कर दिया था.

ग़ैर ज़िम्मेदारी

अपने एक फ़िल्म के प्रोमोशन के सिलसिले में सिडनी पहुँची शिल्पा शेट्टी ने कहा कि चुंबन मामले को बेवजह तूल दिया जा रहा है.

उन्होंने कहा, "कई बार मीडिया ग़ैर ज़िम्मेदारी दिखाता है और सेलिब्रिटी को इसकी क़ीमत भी चुकानी पड़ती है."

इस बीच रिचर्ड गियर के ख़िलाफ़ गिरफ़्तारी का वारंट जारी करने वाले मजिस्ट्रेट का तबादला हो गया है. अधिकारियों ने बीबीसी को बताया है कि जज दिनेश गुप्ता का तबादला जयपुर से किशनगढ़ कर दिया गया है.

लेकिन उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि जज दिनेश गुप्ता का तबादला नियमित कार्रवाई थी और ऐसा प्रशासनिक कारणों से हुआ.

वैसे रिचर्ड गियर के ख़िलाफ़ गिरफ़्तारी का वारंट जारी करने के मामले में जज की काफ़ी आलोचना हुई थी. कई वरिष्ठ वकीलों ने इस फ़ैसले पर सवाल भी उठाए थे.