http://www.bbcchindi.com

रविवार, 22 अप्रैल, 2007 को 09:41 GMT तक के समाचार

ऐश-अभिषेक पहुँचे बालाजी के द्वार

विवाह के बाद ऐश्वर्या और अभिषेक बच्चन ने रविवार को तिरुपति के प्रसिद्ध वेंकटेश्वर मंदिर के दर्शन किए. बॉलीवुड की ये सबसे चर्चित जोड़ी दो दिन पहले ही विवाह बंधन में बंधी है.

अभिषेक-ऐश्वर्या के साथ बालाजी के दरबार में हाजिरी लगाने वालों में अभिषेक के पिता अमिताभ बच्चन, मां जया बच्चन, उद्योगपति अनिल अंबानी और उनकी पत्नी टीना अंबानी भी थे.

ऐश्वर्या-अभिषेक क़रीब 10 मिनट तक मंदिर में रहे. बच्चन परिवार ने मंदिर के पुजारी के सहयोग से पूजा-अर्चना की और आरती उतारी.

अभिषेक और ऐश्वर्या पहुँचे तिरुपति

ऐश्वर्या गहरे लाल रंग की साड़ी पहने थी, जबकि अभिषेक, अमिताभ और अनिल अंबानी ने गले में अंगवस्त्रम डाला था.

अभिवादन

मंदिर के बाहर बेसब्री से अपने चहेते सितारों का इंतज़ार करते प्रशंसकों को भी बच्चन परिवार ने निराश नहीं किया.

एक हुए अभिषेक-ऐश्वर्या

अमिताभ, अभिषेक और ऐश्वर्या ने हाथ जोड़कर प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार किया. नए-नवेले जोड़े ने द्वारपलास मंडपम के नज़दीक रखी 'हुंडी' में कुछ नगदी डालकर दान किया.

अभिषेक-ऐश्वर्या ने मंदिर की पवित्र स्वर्ण बेदी की भी पूजा की और परंपरागत हरा वस्त्र चढ़ाया.

मंदिर के पुजारियों ने बच्चन परिवार और अन्य श्रद्धालुओं को रेशमी वस्त्र, पवित्र जल और प्रसाद के रूप में 'लड्डू' बाँटे.

बच्चन परिवार की यात्रा के मद्देनजर तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए थे.

अभिषेक-ऐश्वर्या की शादी से पहले भी अमिताभ बच्चन, अनिल अंबानी और समाजवादी पार्टी के नेता अमर सिंह के साथ पिछले रविवार को यहाँ आए थे.