http://www.bbcchindi.com

रविवार, 08 अप्रैल, 2007 को 18:02 GMT तक के समाचार

साँवरिया के साज़ से गानों की बरसात

हम दिल दे चुके सनम, देवदास जैसी संगीतमय फ़िल्मों के लिए मशहूर संजय लीला भंसाली की नई फ़िल्म साँवरिया में कितने गाने होंगे. इस बात को लेकर इस समय बॉलीवुड में चर्चा गर्म हैं.

जानकारों की मानें तो कम से कम 12 गाने तो इस फ़िल्म में होंगे ही. वैसे इस बात में दम भी दिखता है क्योंकि गीतकार समीर ने अकेले इस फ़िल्म के आठ गाने लिखे हैं.

और आजकल तो ये चलन आम है कि एक फ़िल्म में कई गीतकारों से गाने लिखवाए जाते हैं. ब्लैक के बाद संजय लीला भंसाली साँवरिया बना रहे हैं.

इस फ़िल्म को लेकर अभी से लोगों में उत्साह बन गया है. क्योंकि इस फ़िल्म से इंडस्ट्री में क़दम रख रहे हैं ऋषि कपूर के बेटे रणबीर कपूर और अनिल कपूर की बेटी सोनम.

पीढ़ियों की कहानी

ये फ़िल्म तीन पीढ़ियों की कहानी है. फ़िल्म में रणबीर कपूर और सोनम के अलावा बेगम पारा, ज़ोहरा सहगल तो है ही. साथ में संजय लीला भंसाली के प्रिय सलमान ख़ान और रानी मुखर्जी भी हैं.

इस फ़िल्म के संगीतकार हैं मोंटी शर्मा. जिन्होंने ब्लैक में बैकग्राउंड म्यूज़िक दिया था. संजय लीला भंसाली ब्लैक में उनके काम से काफ़ी ख़ुश थे और उन्होंने उनके काम को देखते हुए साँवरिया में मौक़ा दिया है.

दूसरी ओर इस फ़िल्म के लिए आठ गाने लिखने वाले समीर भी काफ़ी उत्साहित हैं. उनका कहना है कि संजय लीला भंसाली के साथ काम करना उनके लिए सुखद भी है और महत्वपूर्ण भी.

वैसे समीर ने देवदास में रासलीला वाला गाना लिखा था. लेकिन उन्हें भी इसका अंदाज़ा नहीं था कि संजय भंसाली अपनी नई फ़िल्म के लिए उनसे इतने गाने लिखवाएँगे.

समीर का दावा है कि संजय लीला भंसाली ने इस फ़िल्म में ख़ास अंदाज़ में गाने रिकॉर्ड किए हैं. इनमें से ज़्यादातर हैं तो प्रेम गीत लेकिन अंदाज़ नया है.