http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 28 फ़रवरी, 2007 को 12:45 GMT तक के समाचार

पिकासो के दो चित्र पेरिस में चोरी

मशहूर चित्रकार पिकासो के बनाए दो चित्र पेरिस में उनकी नातिन के घर से चोरी हो गए हैं.

इन दोनों चित्रों का मूल्य पाँच करोड़ यूरो यानी तीन करोड़ 37 लाख पाउंड था.

पुलिस ने कहा है कि सोमवार रात को चोरों ने पिकासो की बेटी माया और उनकी दूसरी पत्नी जैक्विलिन की पेंटिंग चुरा ली. पेरिस पुलिस इस मामले की जाँच कर रही है.

माया पाबलो पिकासो की दूसरी बेटी हैं और उनकी माँ का नाम मेरी वॉल्टर है.

पाबलो पिकासो ने अपनी बेटी माया की पेंटिंग 1938 में पूरी की थी.

पहले भी दुनिया के विभिन्न हिस्सों से पिकासो के चित्र चोरी होने की ख़बरे आती रही हैं.

पिछले वर्ष ब्राज़ील में कार्निवल के समय फैली अफ़रातफ़री का फ़ायदा उठाते हुए, कुछ बंदूकधारियों ने एक म्यूज़ियम से पिकासो समेत कई कलाकारों की पेंटिंगें चुरा ली थीं.

पिकासो के बनाई कई पेंटिंग नीलाम हो चुकी हैं और नीलामी में इन्हें रिकॉर्ड कीमत में ख़रीदा गया है. वर्ष 2004 में 1905 में बनी उनकी एक पेंटिंग दस करोड़ चालीस लाख डॉलर में बिकी थी.

पिकासो की मौत 91 वर्ष की उम्र में फ़्रांस में 1973 में हुई थी.