मंगलवार, 20 फ़रवरी, 2007 को 17:32 GMT तक के समाचार
ब्रितानी अभिनेता ह्यू ग्रांट और उनकी प्रेमिका जेमाइमा ख़ान ने तीन साल की दोस्ती के बाद अब अलग होने का फ़ैसला कर लिया है.
ग्रांट के प्रवक्ता का कहना है कि फ़ैसला सौहार्दपूर्ण है और दोनों ने पिछले कुछ दिनों के विचार के बाद यह तय किया है.
तेंतीस वर्षीया जेमाइमा ख़ान ने अपने पति पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर इमरान ख़ान से तलाक़ के बाद 46 वर्षीय ह्यू ग्रांट से मिलना-जुलना शुरू किया था.
ह्यू ग्रांट की नई फ़िल्म म्यूज़िक ऐंड लिरिक्स इस हफ़्ते यूके बॉक्स ऑफ़िस में टॉप पर रही है.
इस फ़िल्म के ब्रिटेन और अमरीका में हुए प्रीमियर में ह्यू ग्रांट जेमाइमा ख़ान के साथ मौजूद रहे थे.
दोनों के एक प्रवक्ता का कहना है, यह फ़ैसला सौहार्दपूर्ण है लेकिन दोनों ही इसे एक निजी मामला मानते हैं और इस बारे में और कोई बयान नहीं देंगे.
ह्यू ग्रांट ने फ़ोर वेडिंग्स ऐंड अ फ़्यूनरल और नॉटिंग हिल जैसी रोमांटिक कॉमेडी फ़िल्मों से शोहरत हासिल की है.
उन्होंने अब तक कभी भी शादी नहीं की है.