सोमवार, 22 जनवरी, 2007 को 07:54 GMT तक के समाचार
अमिताभ बच्चन के बाद अब शाहरुख़ ख़ान ने लोगों को करोड़पति बनाना शुरू कर दिया है.
भारत के स्टार टेलीविज़न के कार्यक्रम 'कौन बनेगा करोड़पति' की नई सिरीज़ सोमवार से शुरू हो गई है.
इस कार्यक्रम को पहले अमिताभ बच्चन प्रस्तुत किया करते थे लेकिन बीमार होने के बाद उन्होंने कार्यक्रम प्रस्तुत करने में असमर्थता ज़ाहिर की थी और दूसरी कड़ी के बाद वे कार्यक्रम से अलग हो गए थे.
इसके बाद स्टार टीवी ने शाहरुख़ ख़ान से इस कार्यक्रम को प्रस्तुत करने का अनुरोध किया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया.
स्टार टीवी के लोकप्रिय और कमाई करने वाले कार्यक्रमों में से एक 'कौन बनेगा करोड़पति' के इस नए अवतार की लोग उत्सुकता के साथ प्रतीक्षा कर रहे थे.
तुलना
कार्यक्रम काफ़ी समय से चल रहा है लेकिन शाहरूख़ के इससे जुड़ने से उसकी लोकप्रियता शायद बरक़रार रहेगी.
लोग अब बॉलीवुड की दो पीढ़ियों के स्टार अभिनेताओं की तुलना कर रहे हैं.
अमिताभ बच्चन को जहाँ अब तक का बॉलीवुड का सबसे बड़ा स्टार माना जाता है, वहीँ शाहरुख़ ख़ान को किंग ख़ान का दर्जा दिया जा चुका है.
अमिताभ बच्चन ने 'कौन बनेगा करोड़पति' कार्यक्रम की प्रस्तुति जिस तरह से की उसने इस कार्यक्रम के लिए नए मुहावरे बना दिए.
लोगों की उत्सुकता इस बात को लेकर है कि क्या शाहरुख़ ख़ान इस मुहावरे को तोड़कर नए मुहावरे गढ़ पाएँगे.
शाहरुख़ ख़ान ने अभिनेता के रुप में अपने करियर की शुरुआत ही टेलीविज़न से की थी. जबकि अमिताभ बच्चन ने कौन बनेगा करोड़पति के साथ ही टेलीविज़न पर आए थे.
'कौन बनेगा करोड़पति'
'कौन बनेगा करोड़पति' एक गेम शो है जो कि भारत में पिछले वर्षों में दो बार प्रसारित हो चुका है.
इस कार्यक्रम को अमिताभ बच्चन ने एंकर करना शुरू किया था और यह कार्यक्रम इतना लोकप्रिय और सफल रहा था कि स्टार समूह को इससे काफ़ी लाभ हुआ था.
'कौन बनेगा करोड़पति' भारत में सबसे ज़्यादा देखे जाने वाले कार्यक्रमों में से एक रहा है.
हालांकि पिछले वर्ष जनवरी में अमिताभ बच्चन के स्वास्थ्य की स्थिति बिगड़ने के बाद उन्होंने इस शो को करते रहने में अपनी असमर्थता जाहिर की थी.
'कौन बनेगा करोड़पति' के दोबारा प्रसारण के लिए 85 एपिसोड तय किए गए थे पर कुल 61 एपीसोड की ही शूटिंग हो सकी थी. इसके बाद अमिताभ इससे हट गए थे.