http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 22 जनवरी, 2007 को 04:56 GMT तक के समाचार

चैनल-4 का बोर्ड आज 'बिग ब्रदर' पर चर्चा करेगा

ब्रिटेन के चैनल-4 का बोर्ड सोमवार को रियलिटी शो 'बिग ब्रदर' में शिल्पा शेट्टी से संबंधित घटनाक्रम और उस बारे में हो रही उसकी व्यापक आलोचना पर चर्चा करेगा.

चैनल-4 के वरिष्ठ प्रबंधक बोर्ड के आठ सदस्यों को बताएँगे कि उन्होंने इस शो पर हाल में घटे घटनाक्रम पर क्या कदम उठाए.

हाल के दिनों इस शो के दोरान भारतीय फ़िल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के साथ हुए बर्ताव के बाद, शो में भाग ले रही एक सदस्य जेड गुडी पर नस्लभेदी टिप्पणी करने का आरोप लगे थे.

शिल्पा शेट्टी ने भी ऐसे आरोप लगाए थे लेकिन फिर उन्होंने अपने आरोप वापस ले लिए थे.

इस घटनाक्रम के दौरान लोगों ने अपना वोट देकर जेड गुडी को शो से बाहर कर दिया.

बिग ब्रदर में शिल्पा: पूरे घटनाक्रम पर विशेष

जेड गुडी ने पहले अपने ख़िलाफ़ लगे आरोपों का खंडन किया लेकिन शो से बाहर जाते समय उन्होंने माना कि शिल्पा के साथ हुई उनकी बातचीत से ऐसा प्रतीत हो सकता है उनकी टिप्पणी नस्लभेदी थी.

चालीस हज़ार शिकायतें

उधर ब्रिटेन के एशियाई समुदाय में इस विषय पर काफ़ी रोष देखने को मिला. यहाँ तक कि इस बारे में ब्रितानी संसद में भी सवाल उठे.

ब्रितानी टेलीविज़न चैनलों पर निगरानी रखने वाली सरकारी एजेंसी ऑकॉम के पास इस बारे में 40 हज़ार शिकायते पहुँचीं और उसने पूरे मामली की जाँच शुरु कर दी है.

जेड की छुट्टी, शिल्पा को राहत

'मैं नस्लवादी नहीं हूँ'

इस विवाद के तूल पकड़ने के साथ ही 'बिग ब्रदर' के प्रायोजक कारफ़ोन वेयरहाउस ने ख़ुद को कार्यक्रम से पूरी तरह अलग करने का फ़ैसला किया.

भारत के राजनीतिक नेताओं ने भी इस मामले में आपत्ति जताई.

एक नया विवाद इस बात पर छिड़ गया है कि क्या जेड गुडी के शो से बाहर जाने से पहले उनकी व्यापक आलोचना, जनता की प्रतिक्रिया और उस पर उन्हें क्या प्रतिक्रिया देनी चाहिए, उसके बारे में बताया गया था?

चैनल-4 ने इन आरोपों का खंडन किया है और इन्हें महज़ अटकलें बताया है.