बुधवार, 17 जनवरी, 2007 को 14:50 GMT तक के समाचार
ब्रिटने के टीवी शो 'बिग ब्रदर' कार्यक्रम में शिल्पा शेट्टी के साथ नस्ली भेदभाव की हज़ारों शिकायतों के बाद अब यह मामला ब्रितानी संसद तक जा पहुँचा है.
लेस्टर के सांसद कीथ वाज़ का कहना है कि उनके मतदाताओं ने इस बारे में उनसे संपर्क किया है और इसके बाद उन्होंने इस मामले में संसद में एक प्रस्ताव रखा है.
ब्रितानी टेलीविज़न पर निगरानी रखने वाली सरकारी एजेंसी ऑफ़कॉम और 'सेलीब्रिटी बिग ब्रदर' कार्यक्रम को प्रसारित करने वाले चैनल-फ़ोर के पास लगभग 13 हज़ार शिकायतें पहुँची हैं.
इन शिकायतों में कहा गया है कि बिग ब्रदर कार्यक्रम में शिल्पा के साथ भाग ले रही गोरी लड़कियाँ भारतीय होने की वजह से शिल्पा से बुरा व्यवहार कर रही हैं.
ऑफ़कॉम ने पहले ही कहा है कि वह इस मामले की जाँच कर रहा है.
कार्यक्रम के दौरान पिछले कुछ दिनों में जेड गुडी, डैनियला लॉयड और जो ओमेरा को शिल्पा के ख़िलाफ़ गुटबंदी करते देखा जा रहा है.
सोमवार के कड़ी में जो ओमेरा को यह कहते हुए दिखाया गया कि भारतीय इसलिए दुबले-पतले होते हैं क्योंकि वे अधपका खाना खाने के कारण हमेशा बीमार रहते हैं.
जेड गुड़ी की माँ जैकी जब तक कार्यक्रम में शामिल थीं वे शिल्पा को अक्सर 'दी इंडियन' ही कहती रहीं. वे हमेशा शिल्पा के नाम का ग़लत उच्चारण करती रहीं और कहती रहीं कि भारतीय नाम उनके लिए बहुत कठिन है.
शनिवार और रविवार को डैनियला और जो ने बार-बार शिल्पा के अँग्रेज़ी उच्चारण का मज़ाक उड़ाया.
जबकि चैनल फ़ोर का कहना है कि यह लड़कियों की आपसी खींचतान है, नस्लभेद नहीं है.
शो का प्रभाव
संसद में इस मामले को ले जाने वाले सांसद कीथ वाज़ का कहना है कि उन्होंने अपने प्रस्ताव में इस शो का दर्शकों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर चिंता ज़ाहिर की है.
उन्होंने कहा है, "हम किसी और तरह के टेलीविज़न कार्यक्रम में इस तरह के नस्लभेद को बर्दाश्त नहीं कर सकते और इस कार्यक्रम में तो हरगिज़ नहीं जिसे लाखों लोग देखते हैं."
कीथ वाज़ के प्रस्ताव पर संसद में चर्चा इस बात पर निर्भर करेगी कि इसे कितने सांसदों का समर्थन मिलता है.
वैसे लेबर पार्टी के एक और सांसद ख़ालिद महमूद का कहना है कि कीथ वाज़ जैसे वरिष्ठ सांसद के प्रस्ताव से अपने आप ही मामले की गंभीरता का पता चलता है.
जबकि शिल्पा शेट्टी के ब्रितानी मैनेजर ने बीबीसी रेडियो से हुई बातचीत में कहा, "वह इस तरह का अपमान बर्दाश्त करने के लिए शो में नहीं आई थीं."
उनका कहना था, "वे लोगों को ख़ुश करने के उद्देश्य से आईं थीं और उन्हें अपनी संस्कृति और विरासत पर गर्व है लेकिन वे इस तरह का अपमान सह रही हैं."
'खेल है'
बीबीसी एशियन नेटवर्क से हुई बातचीत में शिल्पा की माँ सुनंदा ने कहा कि उनकी बेटी हिम्मत वाली है.
उनका कहना था, "मुझे लगता है कि वह इन परिस्थितियों से निपट सकती है. यह तो एक खेल है और जीवन तो इसके बाद भी है."
उन्होंने कहा, "मैं उसकी भावनाओं को समझती हूँ लेकिन मैं उम्मीद करती हूँ कि दूसरे उसके साथ जैसा व्यवहार कर रहे हैं उसका शिल्पा पर ज़्यादा असर नहीं पड़ेगा."
जाँच
उधर ऑफ़कॉम ने शिल्पा शेट्टी से कथित दुर्व्यवहार के मामले की जाँच शुरु कर दी है.
ऑफ़कॉम की प्रवक्ता ने कहा है, "हमें लगातार शिकायतें मिल रही हैं और हम शिकायत की पूरी जाँच करेंगे."
उधर ब्रिटेन के 'रेशियल इक्वालिटी कमीशन' ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है और कहा है कि कमीशन भी इस कार्यक्रम पर नज़र रखे हुए है.
कमीशन की ओर से कहा गया है कि यदि शिल्पा शेट्टी ख़ुद जाकर 'बिग ब्रदर' से नस्लभेद की शिकायत करती हैं तो कार्रवाई की जाएगी.
बिग ब्रदर हाउस से बाहर निकल चुकीं कैरोल मैलोन का कहना है कि यह सब जलन की वजह से हो रहा है.
कैरोल ने कहा, "शिल्पा इतनी सुंदर हैं जो उनके लिए अच्छा नहीं है, वे बेहद मज़बूत और सुंदर महिला हैं वे आसानी से इससे निबट सकती हैं, मैं जब वहाँ थी तो मेरी इस बारे में उनसे बात हुई थी".
कैरोल ने बताया, "शिल्पा मानती हैं कि वे एशियाई समुदाय का प्रतिनिधित्व कर रही हैं इसलिए वे कोई उग्र प्रतिक्रिया करके उनकी उम्मीदों को नहीं तोडऩा चाहतीं."
जानी-मानी अभिनेत्री मीरा स्याल ने कहा, "यह एक मिसाल है कि नस्ली आधार पर किसी को धमकाने या परेशान करने की शुरूआत किस तरह होती है. कुछ लोग कह सकते हैं कि यह सिर्फ़ मनोरंजन है लेकिन मेरा ख़याल है कि यह दुर्भावनापूर्ण माखौल की तरफ़ जा रहा है. असल में इन दोनों के बीच बहुत बारीक़ लाइन है, बड़ी बहस यही है कि कब माना जाएगा कि आप लाइन पार कर रहे हैं."
शिल्पा बिग ब्रदर कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए ख़ास तौर पर भारत से आई हैं और उनकी वजह से ब्रिटेन में बसे लाखों एशियाई नियमित रूप से इस कार्यक्रम के दर्शक बन गए हैं.
इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए शिल्पा को मोटी रकम का भुगतान किया गया है.