मंगलवार, 16 जनवरी, 2007 को 13:00 GMT तक के समाचार
ब्रितानी टेलीविज़न पर निगरानी रखने वाली सरकारी एजेंसी इन शिकायतों की जाँच कर रही है कि बिग ब्रदर कार्यक्रम में शिल्पा शेट्टी के साथ नस्ली भेदभाव बरता जा रहा है.
टेलीविज़न की नियामक एजेंसी ऑफ़कॉम को साढ़े चार हज़ार से अधिक लिखित शिकायतें मिली हैं जिनमें कहा गया है कि बिग ब्रदर कार्यक्रम में शिल्पा के साथ भाग ले रही गोरी लड़कियाँ भारतीय होने की वजह से शिल्पा से बुरा व्यवहार कर रही हैं.
कार्यक्रम के दौरान पिछले कुछ दिनों में जेड गुडी, डैनियला लॉयड और जो ओमेरा को शिल्पा के ख़िलाफ़ गुटबंदी करते देखा जा रहा है.
बिग ब्रदर कार्यक्रम का प्रसारण करने वाले चैनल फ़ोर का कहना है कि यह लड़कियों की आपसी खींचतान है लेकिन नस्लभेद नहीं है.
जेड गुड़ी की माँ जैकी जब तक कार्यक्रम में शामिल थीं वे शिल्पा को अक्सर "दी इंडियन" ही कहती रहीं. वे हमेशा शिल्पा के नाम का ग़लत उच्चारण करती रहीं और कहती रहीं कि भारतीय नाम उनके लिए बहुत कठिन है.
शनिवार और रविवार को डैनियला और जो ने बार-बार शिल्पा के अँगरेज़ी उच्चारण का मज़ाक उड़ाया.
जाँच
ऑफ़कॉम की प्रवक्ता ने कहा, "हमें लगातार शिकायतें मिल रही हैं और हम शिकायत की पूरी जाँच करेंगे."
इस बीच शिल्पा की माँ सुनंदा शेट्टी ने बीबीसी से एक बातचीत में कहा है कि उनकी बेटी काफ़ी मज़बूत है, उन्होंने उम्मीद जताई कि वह इस स्थिति से निबट सकती है.
उन्होंने कहा, "मैं उसकी भावनाओं को समझती हूँ लेकिन मैं आशा करती हूँ कि वह इसे दिल पर नहीं लेगी. यह सिर्फ़ एक खेल है, इससे परे असली जीवन है जहाँ शिल्पा बहुत कुछ रही है."
बिग ब्रदर हाउस से बाहर निकल चुकीं कैरोल मैलोन का कहना है कि यह सब जलन की वजह से हो रहा है.
कैरोल ने कहा, "शिल्पा इतनी सुंदर हैं जो उनके लिए अच्छा नहीं है, वे बेहद मज़बूत और सुंदर महिला हैं वे आसानी से इससे निबट सकती हैं, मैं जब वहाँ थी तो मेरी इस बारे में उनसे बात हुई थी".
कैरोल ने बताया, "शिल्पा मानती हैं कि वे एशियाई समुदाय का प्रतिनिधित्व कर रही हैं इसलिए वे कोई उग्र प्रतिक्रिया करके उनकी उम्मीदों को नहीं तोडऩा चाहतीं."
जानी-मानी हास्य अभिनेत्री मीरा स्याल ने कहा, "यह एक मिसाल है कि नस्ली आधार पर किसी को धमकाने या परेशान करने की शुरूआत किस तरह होती है. कुछ लोग कह सकते हैं कि यह सिर्फ़ मनोरंजन है लेकिन मेरा ख़याल है कि यह दुर्भावनापूर्ण मखौल की तरफ़ जा रहा है. असल में इन दोनों के बीच बहुत बारीक़ लाइन है, बड़ी बहस यही है कि कब माना जाएगा कि आप लाइन पार कर रहे हैं."
शिल्पा बिग ब्रदर कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए ख़ास तौर पर भारत से आई हैं और उनकी वजह से ब्रिटेन में बसे लाखों एशियाई नियमित रूप से इस कार्यक्रम के दर्शक बन गए हैं.