मंगलवार, 09 जनवरी, 2007 को 04:36 GMT तक के समाचार
कहते हैं कि अमिताभ बच्चन का हर अंदाज़ निराला होता है. तभी तो पूजा-अर्चना के लिए वे आधी रात को घर से पैदल चल कर सपरिवार मंदिर पहुँचे.
चर्चित अभिनेता अमिताभ बच्चन, उनकी पत्नी और सांसद जया बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन ने मंगलवार को सुबह-सुबह मुंबई के सुप्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर में जाकर पूजा अर्चना की.
मंगलवार की सुबह सिद्धि विनायक मंदिर में विशेष पूजा अर्चना होती है.
सुबह पाँच बजे मंदिर का पट खुलते ही दर्शन करने के लिए वे रात दो बजे क़रीब अपने घर से निकले थे.
शायद मीडिया को बाक़ायदा ख़बर कर दी गई थी इसलिए टीवी चैनलों के कैमरे और उनके रिपोर्टर इस 'पद-यात्रा' का प्रसारण भी करते रहे.
टीवी वालों ने ही दिखाया कि टीशर्ट और पैंट पहने पहने अमिताभ और अभिषेक नंगेपाँव चलकर सिद्धिविनायक मंदिर पहुँचे. जबकि जया बच्चन ने साड़ी पहनी थी. सभी नंगे पाँव चलकर मंदिर पहुँचे थे.
मुंबई के जुहू इलाक़े में रहने वाले बच्चन परिवार को प्रभादेवी, दादर में सिद्धि विनायक मंदिर पहुँचने के लिए कोई 15 किलोमीटर पैदल चलना पड़ा.
बच्चन परिवार के साथ उनके निजी सुरक्षागार्ड और मुंबई पुलिस के अधिकारी थे.
बच्चन परिवार को पिछले कुछ महीनों में कई मंदिरों में देखा गया है.
पहले कहा गया कि अमिताभ की बीमारी के बाद मन्नतें पूरी करने के लिए परिवार पूजा-अर्चना कर रहा है.
फिर इसे अभिषेक और ऐश्वर्या की संभावित शादी से जोड़ा गया और अब इसे 'गुरु' फ़िल्म की रिलीज़ से जोड़ा जा रहा है जिसमें अभिषेक और ऐश्वर्या दोनों प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं.