http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 11 दिसंबर, 2006 को 08:03 GMT तक के समाचार

केट को नहीं चाहिए छरहरी काया

ऑस्कर के लिए नामांकित अभिनेत्री केट विंसलेट ने अभिनेत्रियों और मॉडलों में छरहरी काया के लिए डायटिंग के बढ़ते चलन पर गहरी निराशा जताई है.

'टाइटैनिक' से अपने दमदार अभिनय का लोहा मनवा चुकीं केट विंसलेट ने कहा, '' मैं एक साधारण इंसान हूँ और वज़न कम करके कुछ भी हासिल नहीं करना चाहती.''

बीबीसी से बात करते हुए मशहूर अभिनेत्री ने कहा कि यह प्रवृत्ति ख़तरनाक है. केट विंसलेट ने कहा आकर्षक दिखने के लिए पतली होने की होड़ लगी हुई है.

31 वर्षीय अभिनेत्री ने यह भी कहा कि वो अपने घर कोई पत्रिका नहीं मँगवाती हैं क्योंकि इससे उनकी छह साल की बेटी मिया पर ख़राब प्रभाव पड़ सकता है.

जूडे लॉ और कैमरून डायज़ के साथ फ़िल्म 'हॉलीडे' के प्रमोशन के लिए पहुँची केट विंसलेट ने अपनी बेटी के बारे में कहा कि वह वक्त के साथ ख़ुद ही सबकुछ समझने लगेगी.

अभिनेत्री इम्मा थॉम्पसन और मेरिल स्ट्रीप के अभिनय की तारीफ़ करते हुए उन्होंने कहा, ''दोनों का चेहरा बोलता है.''

केट विंसलेट ने आगे कहा कि मैं बस इतना कहना चाहती हूँ कि मैं एक साधारण इंसान हूँ और मेरा काम भी अच्छा चल रहा है. मैं कोई भी उपलब्धि हासिल करने के लिए वज़न नहीं घटाती.