रविवार, 10 दिसंबर, 2006 को 12:07 GMT तक के समाचार
सुपरमैन रिटर्न्स जैसी मशहूर फ़िल्मों के निर्माता जॉन पीटर्स पर उनकी पूर्व सहायक शेली मोरिटा ने यौन शोषण का आरोप लगाते हुए अदालत में मामला दर्ज कराया है.
मोरिटा ने दावा किया कि पीटर्स अक़्सर उनका चुंबन लेते थे और घटिया, भद्दे और अश्लील टिप्पणियाँ करते थे.
मोरिटा ने पीटर्स के साथ फ़रवरी, 2005 में काम करना शुरु किया था लेकिन उन्होंने एक साल बाद ही काम छोड़ दिया.
समाचार एजेंसी एपी के अनुसार मोरिटा का कहना है कि पीटर्स के दुर्व्यवहार से काम करना मुश्किल हो रहा था, इसलिए उन्हें मजबूरन काम छोड़ना पडा.
'बैटमैन' और 'रेनमैन' जैसी फ़िल्में बनाने वाले जॉन पीटर्स की तरफ़ से कोई भी बयान देने के लिए उपलब्ध नहीं हो सका.
मोरिटा ने आरोप लगाया कि जुलाई, 2005 में ऑस्ट्रेलिया में 'सुपरमैन रिटर्न्स' की शूटिंग के दौरान जॉन पीटर्स उनके होटल के कमरे में घुस आए थे और कहने पर भी कमरे से निकलने से मना कर दिया था.
पीटर्स की पूर्व सहायक मोरिटा का कहना था कि एक बार तो पीटर्स उनके और उनकी तीन साल की बच्ची के सामने नंगे हो गए थे.
61 वर्षीय जॉन पीटर्स ने निर्माता और कार्यकारी निर्माता के रूप में 40 से अधिक फ़िल्में बनाई हैं.
जॉन पीटर्स ने 'ए स्टार इज़ बॉर्न', 'ऐन अमेरिकन वेयरवुल्फ़ इन लंदन' और 'द कलर पर्पल' जैसी सदाबहार फ़िल्में बनाईं हैं.