सोमवार, 20 नवंबर, 2006 को 16:02 GMT तक के समाचार
ज़ुबैर अहमद
बीबीसी संवाददाता, मुंबई
बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री ऐश्वर्या राय ने इससे इनकार किया है कि हॉलैंड से आया 23 हज़ार यूरो का पार्सल उनके लिए था.
मुंबई के कस्टम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ऐश्वर्या राय सोमवार को अधिकारियों से मिलीं. उन्होंने बताया कि उन्हें उस पैसे या उसे भेजने वाले के बारे में कुछ नहीं पता.
यह पार्सल किसी व्यक्ति ने हॉलैंड से ऐश्वर्य राय के मुंबई पते पर भेजा था. उस पैकेट में यूरो छिपाकर रखे गए थे. जो देश के कस्टम कानूनों का उल्लंघन था.
कस्टम विभाग ने बीबीसी को बताया कि पैकेट पर ऐश्वर्या राय का पता लिखा हुआ था. विभाग ने फिलहाल ऐश्वर्या को इस मामले में क्लीन चिट दे दी है.
कस्टम अधिकारी एके प्रसाद ने बीबीसी को बताया कि अब इस मामले की जाँच हॉलैंड में की जा रही है. उन्होंने बताया कि पार्सल भेजने वाले के बारे में मिली जानकारी की पुष्टि की जा रही है.
उन्होंने कहा, "हमारे पास उसके पासपोर्ट और हॉलैंड के उसके पते की पूरी जानकारी है. वह कोई काल्पनिक व्यक्ति नहीं है. अब हमें यह पता लगाना है कि आखिर उसने यूरो क्यों भेजे."
ऐश्वर्या राय को फिलहाल भले ही राहत मिल गई हो लेकिन अगर वह व्यक्ति दावा करता है कि वह ऐश्वर्या को जानता है तो पुलिस एक बार फिर से ऐश्वर्या का दरवाज़ा खटखटा सकती है.