शुक्रवार, 06 अक्तूबर, 2006 को 17:04 GMT तक के समाचार
हॉलीवुड अभिनेत्री एंजेलीना जोली अपने पति अभिनेता ब्रैड पिट के साथ एक फ़िल्म की शूटिंग के लिए भारतीय शहर पुणे पहुँचे तो उन्हें देखने भीड़ उमड़ पड़ी.
एंजेलीना जोली 'द माइटी हार्ट' नाम की फ़िल्म में काम कर रही हैं जो कि अमरीकी पत्रकार डेनियल पर्ल के जीवन पर आधारित है.
जोली फ़िल्म में दिवंगत पत्रकार की पत्नी की भूमिका निभा रही हैं. इस फ़िल्म का निर्देशन कर रहे हैं माइकल विंटरबॉटम.
ग़ौरतलब है कि पत्रकार डेनियल पर्ल का पाकिस्तानी शहर कराची में अपहरण हो गया था जिसके कुछ समय बाद उनकी हत्या कर दी गई थी.
डेनियल पर्ल की हत्या के बाद उनकी पत्नी मारियान पर्ल ने एक किताब लिखी थी और फ़िल्म द माइटी हर्ट इसी किताब पर आधारित है.
फ़िल्म में डेनियल के पाकिस्तान आने, उनकी हत्या और फिर उनकी पत्नी की ओर से उन्हें खोजने की कोशिश जैसी बातों को दिखाया जाएगा.
इस फ़िल्म की शूटिंग भारतीय शहर पुणे में भी हो रही है और इसी के लिए जोली अपने पति और तीन बच्चों के साथ गुरुवार को पुणे पहुँच गई हैं.
जोली का जादू
एक समाचार पत्र के मुताबिक हालत यह है कि इस शूटिंग को देखने के लिए पूरा शहर उमड़ पड़ रहा है. कहा जा रहा है कि ऐसा पहली बार है जब लोग इतनी बड़ी तादाद में शूटिंग देखने आ रहे हैं.
स्थानीय मीडिया के अनुसार जोली और पिट एक बड़े भारतीय उद्योगपति के निजी जेट विमान में सवार होकर पुणे पहुँचे.
पुणे में गुरुवार को सुबह से ही मीडियाकर्मी जोली और उनके परिवार के लोगों के इंतज़ार में हवाई अड्डे पर बड़ी संख्या में मौजूद थे पर जोली पत्रकारों से मिले बिना कार्गो टर्मिनल के गेट से निकलने में कामयाब रहीं.
जोली और उनके परिवार को शहर के एक पाँच सितारा होटल में ठहराया गया है. इनके लिए इस होटल के छह शानदार कमरे बुक किए गए हैं.
डेनियल की पत्नी इस बात को लेकर काफ़ी उत्साहित हैं कि जोली उनकी भूमिका निभा रही हैं. फ़िल्म में डान फ़ुटरमैन डेनियल की भूमिका में होंगे. इसके अलावा भारतीय कलाकार इरफ़ान ख़ान भी इस फ़िल्म में दिखाई देंगे.
पुणे में पाकिस्तान की कुछ जगहों को दर्शाते हुए शूटिंग की जाएगी.