रविवार, 13 अगस्त, 2006 को 09:53 GMT तक के समाचार
विश्व भर में प्राकृतिक रूप से सबसे सुंदर व्यक्ति चुनने के लिए एक ऑनलाइन मतदान करवाया गया है.
इस मतदान में पहले नंबर पर कोई युवा हस्ती नहीं बल्कि इटली की 71 वर्षीय अभिनेत्री सोफ़िया लॉरेन सबसे सुंदर व्यक्ति चुनी गई हैं.
इस ऑनलाइन मतदान में 1578 लोगों से दुनिया के उन व्यक्तियों का चयन करने के लिए कहा गया था जो प्राकृतिक रुप से सबसे सुंदर है.
सूची में दूसरे नंबर पर हैं अभिनेता जॉर्ज क्लूनी और तीसरे नंबर पर है शार्लेट चर्च.
टॉप टेन सूची में अभिनेत्री केथरीन ज़ीटा जोंस, जॉनी डेप और केट विंसलेट भी शामिल हैं.
सूची में पहले नंबर पर रहने वाली ऑस्कर विजेता अभिनेत्री सोफ़िया लॉरेन का कहना है कि इसके पीछे राज़ है- ज़िंदगी के प्रति उनका प्यार और स्पेगेटी.
सोफ़िया लॉरेन की सुंदरता के पीछे एक और राज़ बताया जाता है- जैतून के तेल में स्नान .अतीत में रोमन सभ्यता के लोग जैतून के तेल में स्नान करते थे.
बढ़ती उम्र के बावजूद सोफ़िया लॉरेन की सुंदरता पर इसका असर दिखाई नहीं देता.
आर्चबिशप ऑफ़ जिनोआ ने एक बार कहा था कि हालांकि 'वेटिकन मानव क्लोनिंग के ख़िलाफ़ है लेकिन सोफ़िया लॉरेन के मामले को अपवाद माना जा सकता' है.
ये ऑनलाइन मतदान 'डेयर टू बी बेयर' पुरस्कार समारोह के लिए करवाया गया है.