http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 11 अगस्त, 2006 को 16:19 GMT तक के समाचार

आशुतोष की जोधाबाई बनेंगी ऐश्वर्या राय

लगान और स्वदेस जैसी फ़िल्म से देश के शीर्ष निर्देशकों में जगह बनाने वाले आशुतोष गोवारीकर ने अब रुख़ किया है रोमांटिक फ़िल्म का और समय चुना है मुग़ल काल का.

आशुतोष गोवारीकर की अगली फ़िल्म होगी- अकबर-जोधा. अब आप अंदाज़ा लगाइए आशुतोष के अकबर कौन होंगे और जोधा के लिए उन्होंने किसको चुना है.

चलिए ज़्यादा इंतज़ार कराए बिना आपको बता ही देते हैं कि कृष के सुपरमैन ऋतिक रोशन बनेंगे आशुतोष के अकबर और जोधा की भूमिका करेंगी विश्व सुंदरी रह चुकी ऐश्वर्या राय.

आशुतोष गोवारीकर की ये फ़िल्म मुग़ले आज़म के शहंशाह अकबर की सख़्त छवि से अलग उनकी रोमांटिक छवि को पेश करेगी.

कहानी

आशुतोष के मुताबिक़ ये फ़िल्म अक़बर और राजपूत राजकुमारी जोधाबाई के बीच शादी और फिर उनमें पनपे प्यार का बखान होगी.

इस फ़िल्म की शूटिंग पश्चिमी और उत्तरी भारत के कई महलों में होगी. अगले साल इस फ़िल्म को रिलीज़ करने की योजना है.

आमिर ख़ान की लगान से चर्चित हुए निर्दशक आशुतोष गोवारीकर की फ़िल्म स्वदेस की सराहना तो काफ़ी हुई थी लेकिन बॉक्स ऑफ़िस पर फ़िल्म नहीं चल पाई थी.

जबकि आमिर ख़ान प्रोडक्शन की फ़िल्म लगान ने न सिर्फ़ बॉक्स ऑफ़िस पर सफलता के झंडे गाड़े थे बल्कि ऑस्कर में भी फ़िल्म को नामांकन मिला था.