गुरुवार, 20 जुलाई, 2006 को 13:26 GMT तक के समाचार
भारत में सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गाँधी पर फ़िल्म बना रहे निर्देशक जगमोहन मूंदड़ा को क़ानूनी नोटिस जारी किया है.
ये क़ानूनी नोटिस उन्हें फ़िल्म बनाने से रोकने के लिए जारी किया गया है.
पार्टी का कहना है कि उसे आपत्ति ये है कि फ़िल्म बनाने से पहले सोनिया गाँधी या उनके परिवार के किसी भी सदस्य से इजाज़त नहीं ली गई.
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गाँधी की विधवा सोनिया गाँधी ने जब से भारत की राजनीति में प्रवेश किया है, तब से वे सुर्खियों में रही हैं.
कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष पद संभालने और फिर प्रधानमंत्री बनने से इनकार करने के बाद, मीडिया, फ़िल्म जगत और जनता में उनकी ज़िंदगी के बारे में दिलचस्पी बढ़ी है.
कमला और बवंडर जैसी चर्चित फिल्में बना चुके फिल्मकार जगमोहन मूंदड़ा ने पिछले साल बीबीसी को बताया था कि उनकी फ़िल्म राशिद क़िदवई की लिखी सोनिया गाँधी नामक किताब पर आधारित है.
उन्होंने बीबीसी से कहा था, "मैने पाया कि सोनिया की जिंदगी विडंबनाओं से भरी है. भाग्य ने उन्हें हमेशा उधर धकेला जिधर वह नहीं जाना चाहती थीं. वह एक आम औरत की जिंदगी जीना चाहती थीं. लेकिन जब भाग्य की चुनौतियां सामने आईं तो उन्होने डटकर मुकाबला किया."
हालांकि, बीबीसी से बातचीत में जगमोहन मूंदड़ा ने फ़िल्म के संदर्भ में अपने किसी राजनीतिक झुकाव से इनकार किया था लेकिन कांग्रेस पार्टी का कहना है कि उसे फ़िक्र है कि फ़िल्म में ग़लतियाँ हो सकती हैं.
जगमोहन मूंदड़ा ने फ़िलहाल इस क़ानूनी नोटिस पर प्रतिक्रिया नहीं दी है.