http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 20 जुलाई, 2006 को 04:30 GMT तक के समाचार

अमिताभ बच्चन को डॉक्ट्रेट की उपाधि

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को भारत के फिल्म जगत में योगदान के लिए ब्रिटेन की एक यूनिवर्सिटी ने कला में डॉक्ट्रेट की मानद उपाधि प्रदान की है.

यूनीसेफ के सद्भावना राजदूत अमिताभ को लीस्टर के डी मांटफोर्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित एक समारोह में इस उपाधि से सम्मानित किया गया.

इससे पहले डी मांटफोर्ड यूनिवर्सिटी ने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला को उनके जनहित कार्यों के लिए सम्मानित किया है.

डी मांटफोर्ड यूनिवर्सिटी में प्रति वर्ष बड़ी संख्या में भारतीय छात्र छात्राएं पढ़ने आते हैं.

64 वर्षीय अमिताभ बच्चन हिंदी फ़िल्म जगत के स्तंभों में से एक हैं और बढ़ती उम्र के साथ उनकी लोकप्रियता भी बढ़ती जा रही है.

डॉक्टरेट की उपाधि दिए जाने पर बच्चन ने कहा कि वह सम्मानित महसूस कर रहे हैं.

अमिताभ ने कहा कि 1954 में उनके पिता हरिवंश राय बच्चन ने ब्रिटेन की कैम्ब्रिज़ यूनिवर्सिटी से अंग्रेज़ी साहित्य में डॉक्ट्रेट किया था और आज वो ( अमिताभ ) जो कुछ भी हैं अपने पिता की बदौलत हैं.

मंगलवार को ब्रिटेन पहुंचे अमिताभ की मुलाक़ात गुरुवार को जैक स्ट्रा और ब्रिटेन की संसद के कुछ और सदस्यों से हो सकती है