सोमवार, 12 जून, 2006 को 09:32 GMT तक के समाचार
बॉलीवुड की 'आइटम गर्ल' कही जाने वाली राखी सावंत ने गायक मीका सिंह पर अपनी जन्मदिन पार्टी में उनके साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है.
राखी का आरोप है कि मीका ने अपनी जन्मदिन पार्टी में उनका जबरन चुंबन लिया जिससे वो काफ़ी आहत महसूस कर रही हैं.
इसे लेकर राखी सावंत ने मुंबई पुलिस में मीका सिंह के ख़िलाफ़ छेड़छाड़ करने की शिकायत दर्ज करवाई है.
हालांकि मीका ने कहा है कि उन्होंने राखी सावंत के साथ कोई ज़बरदस्ती नहीं की.
जानकारी के मुताबिक़ राखी शनिवार की रात जाने-माने पंजाबी पॉप गायक दलेर मेहंदी के भाई मीका के जन्मदिन पर उन्हें बधाई देने गई थीं.
जैसा कि टेवीविज़न चैनलों ने दिखाया, राखी सावंत ने मीका को जन्मदिन की बधाई देने के लिए गालों पर चुंबन दिया था.
जैसा कि राखी सावंत आरोप लगा रही हैं, इसके कुछ देर बाद मीका ने उनके होठों पर ज़बरदस्ती चुंबन लिया और उनके विरोध के बीच उनको चोट भी पहुँची.
रविवार को एक समाचार चैनल से बात करते हुए राखी ने कहा कि भले ही वो कम कपड़े पहनकर डांस करती रही हैं पर इस कारण किसी को उनके साथ ज़बरदस्ती करने का कोई हक़ नहीं है.
उधर मीका ने कहा कि पहले राखी ने उनका चुंबन लिया और इस मामले को इतना तूल देकर वो मीडिया में प्रचार पाना चाहती हैं.
हालांकि राखी का कहना है कि अगर मीका उनसे सार्वजनिक रूप से माफ़ी माँग लें तो इस विवाद को यहीं ख़त्म किया जा सकता है.
ग़ौरतलब है कि पिछले दिनों राखी ने कोल्हापुर में एक सार्वजनिक मंच पर कम कपड़े पहनकर डांस किया था जिसके बाद वहाँ भीड़ नियंत्रण के बाहर हो गई थी.
इसके बाद पुलिस ने राखी के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज करते हुए दोबारा कोल्हापुर में किसी कार्यक्रम पर रोक लगा दी थी.