http://www.bbcchindi.com

रविवार, 04 जून, 2006 को 13:46 GMT तक के समाचार

पाकिस्तान में दा विंची कोड पर रोक

पाकिस्तान ने हॉलीवुड फ़िल्म दा विंची कोड के प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगा दिया है. पाकिस्तान में अल्पसंख्यक ईसाई समुदाय ने इस फ़िल्म के विरोध में प्रदर्शन किया था.

पाकिस्तान के संस्कृति मंत्री ग़ुलाम जमाल ने कहा है कि इस फ़िल्म से ईशनिंदा होती है.

'दा विंची कोड' लेखक डैन ब्राउन के उपन्यास पर आधारित है और इस बात के इर्द गिर्द घूमती है कि ईसा मसीह ने मेरी से शादी की थी और उनका बच्चा भी था और उनका वंश आज तक चल रहा है.

एसोसिएटिड प्रेस ऑफ़ पाकिस्तान समाचार एजेंसी के मुताबिक पाकिस्तान के संस्कृति मंत्री ने कहा," इस्लाम अल्ला के सभी पैगंबरों की इज़्ज़त करने की सीख देता है और किसी पैगंबर का अनादर सब पैगंबरों का अनादर है."

पाकिस्तान सरकार ने पिछले हफ़्ते संकेत दिए थे कि वो दा विंची कोड फ़िल्म और उपन्यास दोनों पर प्रतिबंध लगाना चाहती है.

पाकिस्तान में पिछले कुछ समय से दा विंची कोड उपन्यास उपलब्ध है.

फ़िल्म के प्रदर्शन के ख़िलाफ़ ईसाई समुदाय का पाकिस्तान की इस्लामिक पार्टी एमएमए ने समर्थन किया था.

पाकिस्तान के पड़ोसी देश भारत में भी कई प्रदेशों ने इस फ़िल्म पर प्रतिबंध लगाया हुआ है हालांकि भारतीय सेंसर बोर्ड ने इसे हरी झंडी दे दी है.

भारत में पंजाब और आंध्रप्रदेश समेत सात राज्य दा विंची कोड पर रोक लगा चुके हैं.