http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 12 मई, 2006 को 21:45 GMT तक के समाचार

धमकियों से फिर बंद हुआ केबल टीवी

भारत प्रशासित कश्मीर में चरमपंथी गुटों से धमकी मिलने के बाद ऑपरेटरों ने केबल टीवी का प्रसारण एक बार फिर से बंद कर दिया है.

24 घंटों के लिए प्रसारण रोकने के बाद गुरुवार को प्रसारण शुरु किया गया था लेकिन शुक्रवार को इसे फिर से बंद कर दिया गया.

एक केबल टीवी ऑपरेटर का कहना है कि चरमपंथी गुट हिज़्बुल मुजाहिदीन की नेता आसिया अंदराबी और कट्टरपंथी नेता सैयद अली शाह जिलानी से मिले आश्वासनों के बाद प्रसारण शुरु किया गया था.

लेकिन शुक्रवार को चार चरमपंथी गुटों से आई और गंभीर धमकियों के बाद प्रसारण फिर बंद कर दिया गया है.

अल-मदीना रेजीमेंट, जैश-ए-मोहम्मद, अल-बदर मुजाहिदीन, और हरकत-उल मुजाहिदीन केबल टेलीविज़न का विरोध कर रहे हैं.

इन चारों संगठनों ने धमकी देते हुए कहा है कि केबल टेलीविज़न पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रम अश्लील होते हैं इसलिए इसे बंद कर देना चाहिए.

लेकिन कश्मीर के प्रमुख चरमपंथी गुट हिज़्बुल मुजाहिदीन ने कहा था कि ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि सेक्स स्कैंडल से लोगों का ध्यान दूसरी ओर भटकाया जा सके.

लेकिन इन चारों चरमपंथी गुटों ने इस तर्क को मानने से इंकार कर दिया है.

इस स्कैंडल में कथित रुप से कई अधिकारी और राजनीतिज्ञ शामिल हैं और पिछले कुछ दिनों से इसे लेकर घाटी में हंगामा मचा हुआ है.