गुरुवार, 11 मई, 2006 को 21:36 GMT तक के समाचार
भारत प्रशासित कश्मीर में केबल टीवी का प्रसारण एक बार फिर शुरु हो गया है.
चरमपंथी गुटों से धमकी मिलने के बाद ऑपरेटरों ने केबल टीवी का प्रसारण 24 घंटों के लिए रोक दिया था.
ऑपरेटरों का कहना है कि हालांकि उन्हें और धमकियाँ मिली हैं लेकिन वे फिर भी प्रसारण शुरु कर रहे हैं.
अल-मदीना रेजीमेंट, जैश-ए-मोहम्मद, अल-बदर मुजाहिदीन, और हरकत-उल मुजाहिदीन जैसे गुटों ने धमकी देते हुए कहा है कि केबल टेलीविज़न पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रम अश्लील होते हैं.
लेकिन कश्मीर के प्रमुख चरमपंथी गुट हिज़्बुल मुजाहिदीन ने कहा है कि ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि सेक्स स्कैंडल से लोगों का ध्यान दूसरी ओर भटकाया जा सके.
इस स्कैंडल में कथित रुप से कई अधिकारी और राजनीतिज्ञ शामिल हैं और पिछले कुछ दिनों से इसे लेकर घाटी में हंगामा मचा हुआ है.
केबल टीवी से प्रसारण रोकने की चेतावनी देते हुए चरमपंथी गुटों ने कहा है कि अगर कार्यक्रमों का प्रसारण बंद नहीं हुआ तो उन्हें गंभीर नतीजे भुगतने होंगे.
इसके बाद कई केबल टीवी ऑपरेटरों ने पुलिस सुरक्षा की मांग भी की थी.