गुरुवार, 04 मई, 2006 को 08:59 GMT तक के समाचार
पिकासो ने अपनी प्रेमिका डोरा मार की जो तस्वीर अपनी कूची से बनाई थी उसे एक नीलामी में भारी क़ीमत मिली है.
डोरा मार का यह पोर्टेट पिकासो की कुछ अंतिम पेंटिंग्स में से एक है. इसे क़रीब साढ़े नौ करोड़ डॉलर में ख़रीदा गया है जोकि किसी नीलामी में सबसे ज़्यादा क़ीमत पाने वाली दूसरी पेंटिंग बन गई है.
1941 में बनाए गए इस पोर्टेट में डोरा मार को एक बिल्ली के साथ बैठा हुआ दिखाया गया है. इसे किसी अज्ञात ख़रीदार ने न्यूयॉर्क की कला दीर्घा सूदबीज़ में बुधवार को बेचा है.
सूदबीज़ का कहना है कि डोरा मार की इस तस्वीर में कला की बारीक़ियाँ और उनमें रंगों का जो अदभुत प्रयोग हुआ है उससे यह बेशक़ीमती बन जाती है.
इससे पहले पिकासो की ही एक अन्य पेंटिंग - बॉय विद ए पाइप किसी नीलामी में अब तक की सबसे महंगी पेंटिंग रही है. उसे 2004 में क़रीब दस करोड़ चालीस लाख डॉलर में बेचा गया था.
सूदबीज़ कला दीर्घा के आधुनिक कला विभाग के सहअध्यक्ष डेविड नोरमन ने कहा कि वह इस बिक्री का नतीजा देखकर, चकित, उत्साहित और शुक्रगुज़ार भी हैं."
डेविड नोरमन कहते हैं, "डोरा पिकासो की ख्यातिप्रात प्रेमिका थीं और साथ ही वह उनके कला का विषय भी रहीं. इसके अलावा इस तस्वीर का प्रस्तुतिकरण इसे बहुमूल्य बना देता है."
डोरा मार भी ख़ुद एक चित्रकार थीं और कहा जाता है कि उन्होंने पिकासो की गुएर्निका नामक पेंटिंग बनाने में मदद की थी. इस अनोखी पेंटिंग में स्पेन के गृहयुद्ध की भयावह तस्वीर को उकेरा है.
पिकासो और डोरा मार की जोड़ी 1930 और 1940 के दशक में काफ़ी लोकप्रिय रही थी. कहा जाता है कि पिकासो पर डोरा मार का प्रभाव उनकी कई पेंटिंग में नज़र आता है.