http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 25 फ़रवरी, 2006 को 04:21 GMT तक के समाचार

हैरी पॉटर पाँचवीं सबसे कमाऊ फ़िल्म

हैरी पॉटर की नवीनतम फ़िल्म ने अंतरराष्ट्रीय टिकट खिड़की पर 60 करोड़ डॉलर का कारोबार किया है और वो अभी तक सबसे अधिक कमाई करनेवाली पाँचवीं फ़िल्म बन गई है.

लेखिका जे के रोलिंग्स की पुस्तकों पर आधारित हैरी पॉटर एंड गॉब्लेट ऑफ़ फ़ायर इस श्रृंखला की चौथी फ़िल्म है.

फ़िल्मों की कमाई की ये अंतरराष्ट्रीय सूची अमरीका और कनाडा से बाहर फ़िल्मों की कपाई पर आधारित है.

इसमें सबसे ऊपर है टाइटैनिक जिसने एक अरब 20 करोड़ डॉलर का कारोबार किया था.

सूची में ऊपर की पाँच फ़िल्मों में हैरी पॉटर श्रृंखला की पहली दो फ़िल्में भी शामिल हैं.

हैरी पॉटर एंड गॉब्लेट ऑफ़ फ़ायर पिछले साल नवंबर में रिलीज़ हुई थी और उसने इस सप्ताह 60 करोड़ डॉलर की कमाई का आँकड़ा पार कर लिया.

फ़िल्म ने ब्रिटेन में चार करोड़ 80 लाख पाउंड की कमाई की और यहाँ वो वर्ष 2005 की सफलतम फ़िल्म रही.

पाँच सफलतम फ़िल्मों में नहीं आ सकनेवाली हैरी पॉटर श्रृंखला की एकमात्र फ़िल्म है द प्रिज़नर ऑफ़ अज़्कबान जो श्रृंखला की तीसरी फ़िल्म थी.

हैरी पॉटर श्रृंखला की पाँचवीं फ़िल्म का निर्माण शुरू हो चुका है.

हैरी पॉटर एंड द ऑर्डर ऑफ़ द फ़ीनीक्स अगले वर्ष सिनेमाघरों तक पहुँचनेवाली है.