http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 21 फ़रवरी, 2006 को 08:55 GMT तक के समाचार

2500 साल पुरानी कलाकृति होगी वापस

इतालवी संस्कृति मंत्रालय के साथ हुए समझौते में एक अमरीकी संग्रहालय ने इटली को सालों पुरानी इतालवी कलाकृतियाँ लौटाने का फ़ैसला किया है.

इटली का कहना है ये कलाकृतियाँ अवैध तरीके के उसके यहाँ से हटाई गई थीं.

न्यूयॉर्क का मेट्रोपॉलिटिन कला संग्रहालय छह कलाकृतियाँ लौटाएगा जिसमें एक 2500 साल पुरानी कलाकृति भी शामिल है.

इतालवी अधिकारियों के मुताबिक इटली के संस्कृति मंत्री और न्यूयॉर्क संग्रहालय के प्रमुख के बीच इस बारे में मंगलवार को समझौते पर हस्ताक्षर होंगे.

पिछले कुछ महीनों से इटली के अधिकारी ऐसी कलाकृतियों की तलाश में लगे हुए थे जो उनके मुताबिक अवैध तरीके से देश से बाहर ले जाई गई.

न्यूयॉर्क के मेट्रोपॉलिटिन कला संग्रहालय ने कहा है कि कलाकृतियों कहाँ की हैं इसके बारे में सुबूत मिले हैं और इसके बाद वो कलाकृतियाँ इटली को सौंप देगा.

एक 2500 साल पुरानी कलाकृति को सबसे बेशकीमती कलाकृति माना जा रहा है.

बाकी कलाकृतियाँ तीन से लेकर पाँच बीसी यानि ईसा पूर्व की हैं.

पिछले साल अक्तूबर में लॉस एंजेलेस का एक संग्रहालय भी तीन कलाकृतियाँ लौटाने पर राज़ी हो गया था. ये कलाकृतियाँ कथित तौर पर इटली से चुराई गई थीं.

इटली के अधिकारियों ने लॉस एंजेलेस संग्रहालय के प्रमुख पर आरोप लगाया है कि वे चोरी की गई कलाकृतियाँ लेते हैं.