http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 07 फ़रवरी, 2006 को 13:20 GMT तक के समाचार

हुसैन की पेंटिंग को लेकर फिर विवाद

चर्चित चित्रकार एमएफ़ हुसैन अपने एक चित्र को लेकर एक बार फिर विवाद में आ गए हैं. इस बार उन पर 'भारत माता' को बिना वस्त्र चित्रित करने का आरोप है.

इस चित्र को लेकर हिंदूवादी संगठनों ने आपत्ति जताई है और लोगों की भावनाएँ आहत करने के आरोप में हुसैन के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया गया है.

मुंबई पुलिस ने कहा है कि वह मामले की जाँच कर रही है.

इससे पहले भी हुसैन सरस्वती के चित्र को लेकर विवाद में पड़ चुके हैं और इसे लेकर हिंदू संगठनों ने बड़ा विरोध किया था.

जिस चित्र को लेकर अब विवाद हो रहा है उसे चित्रकार एमएफ़ हुसैन ने हाल ही में बनाया है.

भूकंप पीड़ितों के लिए

मुंबई में 'मिशन कश्मीर' के नाम से एक चित्रकला प्रदर्शनी आयोजित की गई थी. इसमें प्रदर्शित चित्रों की नीलामी से होने वाली आय को कश्मीर के भूकंप पीड़ितों को भेजा जाना था.

इसी प्रदर्शनी के लिए हुसैन ने यह चित्र बनाया था.

इस चित्र में हुसैन ने तिरंगे में लगने वाले अशोक चक्र के सामने खड़ी एक महिला का चित्र बनाया है.

इस चित्र में महिला को निर्वस्त्र दिखाया गया है और उसके शरीर पर कई राज्यों के नाम लिखे हुए हैं.

इस चित्र का विरोध कर रही मुंबई की संस्था हिंदू जागरण समिति का कहना है कि ये 'भारत माता' का चित्र है और जिस तरह से इसे बनाया गया है वह भारतीयों और हिंदुओं की भावनाओं का अपमान है.

समाचार एजेंसी रॉयटर के अनुसार हिंदू जागरण समिति के प्रवक्ता रमेश शिंदे ने कहा है, "हुसैन को कला के नाम पर हिंदुओं और भारतीयों का अपमान करने की अनुमति नहीं दी जा सकती."

इस चित्र का विरोध करते हुए समिति ने पिछले शनिवार को पुलिस में रिपोर्ट दर्ज की थी और हुसैन को गिरफ़्तार किए जाने की माँग की थी.

संगठन ने कहा है कि इसके बाद तो एमएफ़ हुसैन से पद्मश्री और पद्म विभूषण वापस ले लिया जाना चाहिए.