रविवार, 22 जनवरी, 2006 को 05:17 GMT तक के समाचार
जेम्स बॉन्ड की एस्टन मार्टिन कार नीलाम हो गई है, क़ीमत लगाई गई एक मिलियन पाउंड यानी लगभग साढ़े सात करोड़ रूपए.
यह वही कार है जिसे गोल्डफिंगर और थंडरबॉल जैसी फ़िल्मों में लाखों दर्शक देख चुके हैं.
अमरीका के एरिज़ोना में इस कार की नीलामी हुई, 1965 में बनाई गई डीबी-5 मॉडल की इस कार में वे सारे तामझाम मौजूद हैं जिन्हें आप जेम्स बॉन्ड की फ़िल्मों देख चुके हैं.
फ़िल्मों में शॉन कॉनोरी जिस कार की स्टीयरिंग पर बैठे दिखते हैं उसमें पास से गुज़रने वाली कार के टायर काटने वाली छुरी, सड़क पर फिसलन पैदा करने के लिए तेल के फव्वारे छोड़ने वाली पिचकारी सहित बुलेटप्रूफ़ स्क्रीन भी है.
इस कार की पहली बारी नीलामी 1970 में हुई थी तब एक यूरोपीय शौक़ीन ने इसे 5000 पाउंड में ख़रीदा था.
नज़ारा
कार को नीलामी से पहले हॉल में चलाकर लाया गया, तब हॉल की बत्तियाँ बुझा दी गई थीं और कार चलाने वाले व्यक्ति ने जेम्स बॉन्ड स्टाइल का सूट पहन रखा था.
नीलामी करने वाली कंपनी के एक प्रतिनिधि कार की हर ख़ूबी के बारे में विस्तार से बताया और लोग देर तक तालियाँ बजाते रहे.
नीलामी करने वाली कंपनी आरएम ऑक्शन्स के प्रवक्ता टेरेंस लॉबजुन ने कहा, "ग़ज़ब का माहौल था, लोग बेहद उत्साहित थे, पूरा हॉल डेढ़ हज़ार लोगों से खचाखच भरा था."
उन्होंने कहा, "यह तो कहने की ज़रूरत ही नहीं है कि जिसने इसे 1970 में ख़रीदा था वे अपने निवेश के परिणाम से काफ़ी ख़ुश हैं."
एस्टन मार्टिन ने ये कार विशेष रूप से जेम्स बॉन्ड की फ़िल्मों के लिए तैयार की थी और ऐसी कोई अन्य कार बाज़ार में कभी नहीं उतारी गई.