गुरुवार, 29 दिसंबर, 2005 को 00:02 GMT तक के समाचार
बॉलीवुड के चर्चित अभिनेता आमिर ख़ान बुधवार को किरण राव के साथ परिणय सूत्र में बँध गए. आमिर ख़ान की ये दूसरी शादी है.
आमिर ख़ान की पहली शादी रीना दत्त से हुई थी. लेकिन शादी के 16 साल बाद वर्ष 2003 में दोनों के बीच तलाक़ हो गया था. पहली शादी से आमिर के दो बच्चे हैं.
बुधवार को आमिर ख़ान के बांद्रा स्थित घर पर एक सादे समारोह में आमिर और किरण राव की शादी हो गई. शादी में परिवार के सदस्य और कुछ क़रीबी दोस्त ही शामिल हुए.
बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री और आमिर की क़रीबी मित्र रानी मुखर्जी ज़रूर इस मौक़े पर मौजूद थी. ख़बर है कि शादी के बाद पंचगनी में होने वाले रिसेप्शन में बॉलीवुड की जानी-मानी हस्तियाँ शामिल होंगी.
आमिर और किरण राव की शादी की भनक लगते ही बड़ी संख्या में मीडिया के लोग उनके घर के बाहर मंगलवार से ही जमा थे लेकिन आमिर ख़ान ने मीडिया से कोई बात नहीं की.
शादी के बाद आमिर की वकील जमीला दुमानी ने पत्रकारों को बताया, "शादी बहुत सामान्य ढंग से हुई. शाम के सात बजे आमिर और किरण राव ने रजिस्ट्रार की मौजूदगी में अंगूठी बदली और क़ानूनी दस्तावेज़ों पर दस्तख़त किए."
आमिर और किरण राव की मुलाक़ात फ़िल्म लगान के सेट पर हुई थी. किरण राव लगान के निर्देशक आशुतोष गोवारीकर की सहायक के रूप में काम कर रही थी. किरण राव ने लगान के साथ-साथ साथिया और स्वदेस फ़िल्म में सहायक के रूप में काम किया है.